राष्ट्रीय (28/03/2015) 
हर गांव में होगा ग्राम सचिवालय-मनोहर लाल
चण्डीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को कहा है कि आने वाले समय में हरियाणा के हर गांव में अपना ग्राम सचिवालय होगा। शुरूआत में प्रदेश के 1000 गांवों में ग्राम सचिवालय खोले जाएंगे। इस महत्वकांक्षी योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बीरेंद्र सिंह व मंत्रालय के उच्चअधिकारियों के साथ बैठक की। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा गांवों में भी शहरों की तर्ज पर सुविधाओं की परिकल्पना गांवों के विकास की सकारात्मक शुरूआत है। बैठक में प्रदेश के पंचायत एवं विकास मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ भी उपस्थित थे।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि अब गांव पंचायतें भी ई-पंचायत की तर्ज पर काम करंे। उन्होंने कहा प्रदेश के हर गांव में ग्राम सचिवालय के साथ-साथ कम्यूनिटी हाल की भी व्यवस्था हो जिसे गांव के लोग शहरी तर्ज पर अपनी सुविधानुसार प्रयोग करें। मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश सरकार की ओर से ग्राम सचिवालय की जो परिकल्पना की गई है उसमें आप्टीकल फाइबर कनेक्शन होगा। यही वह स्थान होगा जहां ग्रामीणों की रोजमर्रा से जुड़े कर्मचारी एक ही छत के नीचे मिलेंगे। यहां लाईब्रेरी कम कम्पयूटर सेंटर भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सकारात्मक पहल से आम जन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी व पंचायती संस्थाओं के प्रतिनिधियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी बढ़ेगी। उन्होंने कहा यह पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था का एक सफल कदम साबित होगा। केंद्रीय मंत्री ने इस योजना पर सकारात्मक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया।
Copyright @ 2019.