राष्ट्रीय (26/03/2015) 
दिल्ली के हिस्से का पानी एक भी बूंद हरियाणा ने कम नहीं किया-ओम प्रकाश धनखड़
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व हरियाणा के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ शुक्रवार को प्रात: साढ़े 10 बजे केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री राधा मोहन सिंह से किसानों के विशेष पैकेज व कृषि बीमा योजना के लिए मिलेंगे। उसके बाद 11 बजे केन्द्रीय ग्रामीण एवं पंचायती राज मंत्री बीरेन्द्र सिंह से पेय जल, स्वच्छता अभियान, आदर्श गांव के संदर्भ में मुलाकात करेंगे। यह जानकारी हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। 
कृषि मंत्री ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कहा है कि वे जनता को पानी के मुद्दे पर बरगलाए नहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हिस्से का पानी एक भी बूंद हरियाणा ने कम नहीं किया है जितना दिल्ली का हिस्सा है उसे दिया जा रहा है।धनखड़ ने कहा कि एक तरफ दिल्ली यह कह रहा है कि उनके वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का पानी का उत्पादन कम हो गया है दूसरी तरफ आज दिल्ली को इसी पानी का दुरपयोग करते हुए हरियाणा के अधिकारियों ने पाया। हरियाणा के अधिकारियों के अनुसार आज दिल्ली को सोनीपत से 700 क्यूसिक पानी मूनक नहर से और 275 क्यूसिक पानी दिल्ली ब्रांच से दिया गया। उसमें से लगभग 400 क्यूसिक पानी दिल्ली की लापरवाही से नजफगढ़ और सप्लीमेंटरी ड्रेन के गंदे पानी में गिरा दिया गया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली से जो हरियाणा को पानी मिलता है वह बिना ट्रीट के मिल रहा है जो कि बहुत खराब है। दिल्ली को चाहिए कि पानी को ट्रीट करके यमुना में छोड़े। उन्होंने कहा कि जो पानी दिल्ली द्वारा छोड़ा जा रहा है वह पानी खेतों के उपयोग के लिए योग्य नहीं है।
Copyright @ 2019.