राष्ट्रीय (11/01/2015) 
हरियाणा की राजनीति को शुद्ध करने का बीड़ा भाजपा ने उठाया - मोदी
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री दिन-रात मेहनत करने वाले राष्ट्र को समर्पित व्यक्ति हैं। दिल्ली के रामलीलाला मैदान में दिल्ली भाजपा की ओर से एक समारोह में नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री को शाल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की मौजूदगी में दिल्ली के रामलीलाला मैदान में दिल्ली भाजपा की ओर से आयोजित एक समारोह में लोगों को संबोधित कर रहे थे। 
प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा की राजनीति को शुद्ध करने का बीड़ा भाजपा ने उठाया था। हालांकि हरियाणा की राजनीति को परिवारवाद से मुक्त करना कठिन काम था। लेकिन भाजपा ने इस कार्य को किया है। हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां कभी भाजपा के लिए 10 सीटों की भी उम्मीद मुश्किल थी वहां जनता के साथ और समर्थन से भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई और राष्ट्र के लिए ही जीवन जीने वाले व्यक्ति मनोहर लाल को हरियाणा प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्व में केंद्र व हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन दिल्ली को पानी देने के मामले में दोनों सरकारों की ओर से अलग-अलग बयान आते थे। केंद्र व हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के साथ ही दोनों सरकारों की ओर से इस मसले पर हुई पहली ही मीटिंग में सहमति कायम की गई है कि न तो हरियाणा के किसानों के साथ अन्याय हो और न ही दिल्ली की जनता के साथ।
Copyright @ 2019.