राष्ट्रीय (07/01/2015) 
बाइक सवार युवक ने एसआई को मारी टक्कर
- अन्य पुलिस कर्मियों ने मौके पर पकड़ा दोनों युवकों को 
- एसआई को अस्पताल में भर्ती कराया गया
दिल्ली के देशबंधु गुप्ता रोड इलाके में चेकिंग के लिए रोकने पर बाइक सवारों ने एसआई को टक्कर मार दी। लेकिन तेज रफ्तार में होने के कारण बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया और वे गिर गए। इसके बाद घायल एसआई ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ आरोपियों को पकड़ लिया। घायल एसआई की पहचान राम निवास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शीदीपुर चौकी इंचार्ज सोमवार करीब चार बजे ईस्ट पार्क रोड में बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उनके साथ दो कांस्टेबल भी थे। राम निवास बैरिकेडिंग से थोड़ा पहले खड़े थे। इसी दौरान रोहतक रोड की तरफ से पल्सर सवार दो युवक तेजी से आ रहे थे। जब चेकिंग होते हुए देखा तो उन्होंने रफ्तार कम किए बगैर बाइक को मोड़ लिया। बाइक मोड़ते हुए देखकर चौकी इंचार्ज राम निवास ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन रुकने के बजाय युवकों ने बाइक से पुलिसकर्मी को टक्कर मारते हुए भागने लगे। रफ्तार अधिक होने के कारण वे गिर गए और पैदल भागने लगे। इस बीच राम निवास एवं चेकिंग के दौरान मौजूद अन्य कांस्टेबलों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। दोनों युवकों की पहचान मोहम्मद जीशान एवं मोहम्मद युनूस के रूप में हुई है। ये आजाद मार्केट के निवासी बताए जा रहे हैं। इस घटना में घायल राम निवास के पैर में बुरी तरह चोट आई जिन्हें जीवन माला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Copyright @ 2019.