राष्ट्रीय (01/01/2015) 
22 जनवरी को राष्ट्रीय स्तर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत करेंगे प्रधानमंत्री
कैथल, आगामी 22 जनवरी को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी हरियाणा से राष्ट्रीय स्तर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दिन जिला कैथल में भी विभिन्न अभियान चलाए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को समूल नष्ट करके लड़कि यों को समाज में सही मान-सम्मान देना है ताकि वे भी उच्च शिक्षा प्राप्त करके स्वावलंबी बन सकें। यह अभिव्यक्ति उपायुक्त श्री के. मकरंद पांडुरंग ने आज लघु सचिवालय स्थित परिसर में कल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट भिवानी द्वारा राष्ट्रीय कन्या भ्रूण हत्या निरोध हस्ताक्षर अभियान की रथ यात्रा को हरी झण्डी दिखाने के बाद व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों में महिलाओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है। सरकार द्वारा लड़कियों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं क्रियांवित की जा रही है ताकि वे किसी पर निर्भर न रहें। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे भी कन्या भ्रूण हत्या रोकने का संकल्प लें। इस अभियान के संचालक विजय महाराज ने बताया कि इस ट्रस्ट द्वारा हर व्यक्ति को लड़की की सुरक्षा करने का संकल्प दिलवाया जा रहा है ताकि इस सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सके। ट्रस्ट द्वारा विभिन्न जिलों में रथ यात्राएं निकाल कर लोगों को समाज में गिरते लिंगानुपात को संतुलित करने तथा लड़कियों के प्रति मानसिकता को बदलने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से यह संकल्प करें कि वे भ्रूण हत्या व न तो करवाएंगे तथा न ही होने देंगे। उन्होंने इस बुराई को रोकने के लिए हर अल्ट्रासाउंड मशीन पर एक्टिव ट्रैकर लगाने की भी मांग की, जिससे कन्या भ्रूण हत्या जैसे अमानवीय अपराध में संलिप्त व्यक्ति को अविलंब पकड़ा जा सके और उचित दंड दिया जा सके। उन्होंने कहा कि बुराई का परित्याग मन से होता है, किसी दबाव या भय आदि से नहीं। जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी श्री रणधीर शर्मा ने बताया कि सूचना जन संपर्क विभाग की तरफ से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया जाएगा। इस कार्य के लिए विभाग की सभी प्रचार ईकाई लगातार शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को जागरूक करेंगी। इसके अतिरिक्त केबल, टीवी व सभी प्रचार माध्यमों का उपयोग करने के साथ-साथ जन प्रतिनिधियों व प्रशासन के अधिकारियों को भी ग्रामीण क्षेत्र पर प्रचार के दौरान आमंत्रित किया जाएगा। विभाग की सिनेमा वैन के माध्यम से भी सिनेमा शो के दौरान ऐसी फिल्में दिखाई जाएंगी, जिनमें बेटियों को बचाने व उनकी शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कैथल, से राजकुमार अग्रवाल की रिपोर्ट
Copyright @ 2019.