राष्ट्रीय (01/01/2015) 
दम घुटने से बाप-बेटी की मौत
नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में दम घुटने से पिता पुत्री की मौत हो गई। नजफगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना में एक अन्य महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी हौसला प्रसाद फॉर्महाउस में नौकरी करता था। वह नया बाजार इलाके में अपनी पत्नी राजदुलारी, दो साल की बेटी सोनम एवं दो माह के बेटे सोनू के साथ रहता था। इस वक्त घर में राजदुलारी की मामी परमा देवी भी आई हुई थीं। गुरुवार सुबह जब नौ बजे तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने आवाज दी। कोई जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो पूरा परिवार बेहोश पड़ा था। इसके बाद लोगों को दीन दयाल उपाध्याय में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने हौसला एवं सोनम को मृत घोषित कर दिया जबकि परमा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने मामूली इलाज के बाद राजदुलारी एवं सोनू को छुट्टी दे दी। पुलिस की जांच में राजदुलारी ने बताया कि उन लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव जला रखी थी। ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण जहरीली गैस बन गई जो दोनों की मौत का कारण बनी। फिलहाल पुलिस परमा देवी के होश में आने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Copyright @ 2019.