राष्ट्रीय (31/12/2014) 
पुलिस से नाराज लोगों ने किया थाने का घेराव
- छेड़छाड़ मामले में महिला समेत पांच लोग हुए थे घायल
- मंगलवार सुबह घायलों सहित स्थानीय लोगों ने किया हंगामा 
- परिजनों ने लगाए पुलिस पर लापरवाही का आरोप

छेड़छाड़ के बाद पुलिस के रवैये से नाराज रणहौला इलाके में स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए रोड जाम किया और थाने का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों में रविवार देर रात हुई छेड़छाड़ की घटना के बाद बदमाशों द्वारा युवती के जानकारों की पिटाई को लेकर नाराजगी थी। हलाकि पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप था कि पुलिस ने समय रहते मामले को गंभीरता से नही लिया जिस वजह से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नही हो पायी है। इस हंगामे की वजह से जाम की स्थिति पैदा हो गयी थी पुलिस के आलाधिाकरियों के मौके पर पहुंचने के बाद लोगों ने अपना घेराव बंद किया। जानकारी के मुताबिक  नेहा (30)(काल्पनिक नाम) परिवार के साथ रणहौला इलाके में रहती हैं। रविवार रात करीब आठ बजे अपने बच्चों के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम के लिए तिलक इन्क्लेव जा रही थी। इसी बीच रक्षा एन्क्लेव के पास चार बदमाशों ने उनके साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। जब नेहा ने इसका विरोध किया तो नशे मेें धुत आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। इतने में शोर सुनकर वहां पर पीडि़ता के जानकार दीपक, मुकेश, राजू और रामकिशन भी पहुंच गए। जब इन्होंने भी इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उक्त सभी की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में घटना की जानकारी रात दस बजे पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उक्त अस्पताल में भर्ती कराया जहां दीपक और मुकेश की हाथ-पैर में फैक्चर बताया गया।  बाकी तीनों की प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त मामले में दो आरोपियों बबलू और विनोद को गिरफ्तार कर तीसरे की तलाश कर रही है।
Copyright @ 2019.