राष्ट्रीय (27/12/2014) 
रघुवर दास होंगे झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री, 29 को लेंगे शपथ
भाजपा विधायक दल ने जमशेदपुर पूर्वी के विधायक रघुवर दास को अपना नया नेता चुन लिया है। खूंटी के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने बैठक में रघुवर दास के नाम का प्रस्ताव रखा, रांची के विधायक सीपी सिहं और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने प्रस्ताव का समर्थन किया। आज शाम चार बजे रघुवर दास राज्यपाल से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा भी मौजूद थे।आज दिन के 11 बजे भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायकों ने अपना नेता चुना। केंद्रीय पर्यवेक्षक जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे और भाजपा के प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव के सामने नेता चुनने की प्रक्रिया पूरी की गई। भाजपा विधायकों की बैठक के बाद आजसू विधायकों की भी बैठक में रघुवर दास के नाम पर मुहर लगी। शाम चार बजे रघुवर दास के नेतृत्व में राज्यपाल डॉ. सैयद अहमद से मिलकर एनडीए सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।
इधर जानकारी मिली है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार 29 दिसंबर को राजधानी के मोरहाबादी मैदान में होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे।
Copyright @ 2019.