राष्ट्रीय (23/12/2014) 
मानव तस्करी के आरोप में तीन गिरफ्तार
- आरोपियों के चंगुल से कराया गया दो लड़कियों को मुक्त 

नई दिल्ली। पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को मानव तस्करी में गिरफ्तार किया है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सागरपुर इलाके में पुलिस ने तीन मानव तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो लड़कियों को मुक्त करवाया है। आरोपियों की पहचान मशरूफ खान उर्फ राजू, प्रताप चौधरी और नीतू के रूप में हुई हैं। पुलिस के अनुसार मुक्त करवाई गई दोनों ही लड़कियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। उपायुक्त सुमन गोयल के अनुसार 21 दिसंबर की रात इस घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के बाद पुलिस वशिष्ट पार्क, पंखा रोड स्थित आरजेड-सी1/13 नंबर के मकान पर पहुंची जहां एक 16 साल की किशोरी पुलिस को मिली। किशोरी ने पुलिस को बताया कि राजू उर्फ  मशरूफ  खान, उसकी पत्नी प्रियंका और नीतू उसे तस्करी कर लाए हैं। किशोरी के बयान के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नीतू, प्रताप और राजू को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर खुरेजी से एक अन्य लड़की को बरामद किया गया। यह लड़की भी पश्चिमी बंगाल की रहने वाली थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

Copyright @ 2019.