राष्ट्रीय (17/12/2014) 
महिलाओं को सिखायेंगे आत्मरक्षा के गुर :- बस्सी
- गुर सीखने के बाद महिला कर पायेगी अपनी हिफाजत
- दिल्ली में अब महिला रहेगी सुरक्षित  

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आये दिन हो रहीं रेप जैसी वारदातों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस काफी सतर्क हो चुकी है, जिसको लेकर दिल्ली पुलिस के कमिश्नर भीमसेन बस्सी के नेतृत्व में 25 दिसंबर को सैल्फ डिफैंस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिलाओं को आत्म सुरक्षा के उपाय सिखाये जायेगे जिससे महिलाओं को अपनी सुरक्षा करने में मदद मिलेगी। दिल्ली पुलिस कमिश्नर भीमसेन बस्सी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि आज जिस तरह दिल्ली के अंदर रेप व छेड़छाड़ की वारदातें बढ़ती जा रही हैं और महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं आम हैं उसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने 1200 महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की है, जिन्हें दिल्ली के हर थाने व पीसीआर गाडिय़ों और बीट ड्यूटी में तैनात किया जाएगा। कोई भी महिला किसी भी थाने में अपनी शिकायत लेकर आती है तो उसकी शिकायत थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी ही सुनेगी, ताकि महिला सहज तरीके से अपनी आपबीती बता सके। कमिश्नर ने बताया कि साल 2012 में रेप के 700 मामले, साल 2013 में 1400 मामले सामने आए थे जबकि साल 2014 में अब तक 1900 मामले सामने आ चुके हैं। इन सभी आंकड़ों को कम करने के लिए दिल्ली पुलिस और आम नागरिकों को एकजुटता दिखानी होगी और महिलाओं को खासतौर से अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए  पुलिस  तक पहुंचाना होगा ताकि दिल्ली मेें महिला अपराध का आंकडा जीरो हो सके। उन्होंने बताया कि दिल्ली में अब महिलाएं अपने आपको ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही हैं उसका कारण जगह-जगह महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और दिल्ली पुलिस की सक्रियता है। महिलाओं के साथ-साथ स्कूलों में भी बच्चों को सैल्फ डिफैंस की ट्रेनिंग दी जाएगी जिससे महिलाओं के साथ-साथ बच्चे भी अपने ऊपर होने वाले अपराधों में अपनी आत्मरक्षा कर सकेंगे। 
कुमार रविन्द्र की रिपोर्ट..
Copyright @ 2019.