राष्ट्रीय (09/12/2014) 
पुलिस प्रताड़ना का आरोप, पुलिस से तंग होकर की मेकेनिक ने ख़ुदकुशी
- सुसाइड नोट में लिखा एक एसआई और सिपाही का नाम 
- पुलिस जुटी है मामले की जाँच में 

नई दिल्ली। आनंद पर्वत इलाके में विंटेज व एंटीक बाईक्स के मैकेनिक ने पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी कर ली। मृतक की शिनाख्त अरविंदर सिंह के तौर पर की गई है और उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस सूत्रों की माने तो मरने से पहले मृतक ने अंग्रेजी में लिखे तीन पेज के सुसाइड नोट में एक एसआई तथा सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए है, हालांकि पुलिस उपायुक्त परमादित्य ने मैकेनिक के आरोपों से इंकार किया है। पुलिस के अनुसार अरविंदर सिंह अपने परिजनों के साथ दयाबस्ती में रहता था। विंटेज व एंटीक बाइक्स के मशहूर मैकेनिक के तौर पर काम करने वाले अरविंदर सिंह का इकलौता बेटा कनाडा में रहता है। बताया जाता है कि देश भर के लोग विटेंज व एंटीक बाइक्स की मरम्मत के लिए अरविंदर सिंह के गैराज पर आते थे। दरअसल घटना के बारे में तब पता चला जब अरविंदर सिंह से मिलने उसका दोस्त हरविंदर सिंह मंगलवार सुबह गैराज में मिलने आया था। हरविंदर सिंह के अनुसार जब वह गैराज में आया तब उसका दोस्त फंदे से लटका हुआ मिला और उसके हाथ में सुसाइड नोट था, उसने पहले तो इस बात की सूचना दोस्त के परिजनों को दी, इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। जांच कारवाई में पता चला है कि अरविंदर सिंह ने कुछ दिनों पहले एक एनआरआई की बाइक मरम्मत की थी, इस बाइक का खर्चा काफी अधिक आया था, इस बात से एनआरआई को अवगत भी करा दिया लेकिन कुछ दिनों बाद एनआरआई ने दूसरी भी बाइक ठीक करा ली और इसका खर्चा नहीं दिया। बाद में एनआरआई ने मैकेनिक के खिलाफ स्थानीय थाने में शिकायत कर दी, जिसके बाद आनंद पर्वत के एक एसआई तथा सिपाही मैकेनिक को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों पुलिसकर्मियों ने अरविंदर सिंह को गैराज बंद कराने की धमकी दी थी और इसी डिप्रेशन के चलते उसने इस तरह का कदम उठाए जाने को मजबूर हुआ।

रविन्द्र कुमार कि रिपोर्ट
Copyright @ 2019.