राष्ट्रीय (09/12/2014) 
नोटरी दस्तावेज डीलर ने खुद को गोली मारी
- अभी आत्महत्या के कारण का पता नही चला है

नई दिल्ली। भजनपुरा इलाके में सोमवार सुबह एक नोटरी दस्तावेज  डीलर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल मोर्चरी में भेज दिया है। गोकलपुरी एसीपी संदीप लांबा का कहना है कि अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर तफतीश कर रही है। पुलिस के मुताबिक मृतक युवक की पहचान मनोज शर्मा (35) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ भजनपुरा सी-2/155 में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी अंजुल शर्मा (30), दो बेटे यश (14) और मनु (15) है। उनका नंद नगरी एसडीएम ऑफिस के पास नोटरी दस्तावेज तैयार करने का काम था। रविवार रात मनोज परिवार के साथ किसी दोस्त की शादी में गया था। मनोज अपने साथ लाइसेंसिंग पिस्टल लेकर गया था। वह सुबह 6.30 बजे घर लौटे। मनोज घर में टेबल के सामने कुर्सी पर बैठा हुआ था। उसके पास, पत्नी, मां अंगूरी देवी और जीजा उमेश भी बैठे हुए थे। मनोज बार-बार पिस्टल हाथ में लेकर देख रहा था। तभी अचानक उसने पिस्टल को दहिनी तरफ कनपटी पर लगाकर खुद को गोली मार ली। घर में एक दम चीख पुकार मच गई। आनन-मानन में मनोज को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मनोज के घर में मातम का माहौल है। किसी को कुछ समझ ही नहीं आ रहा है कि आखिर मनोज ने यह कदम क्यों उठया। पुलिस का कहना है कि मनोज की पत्नी अंजुल गहरे सदमें में है। अभी वह किसी से बात करने की स्थिति में नहीं है। अंजुल से पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल पाएगा।
Copyright @ 2019.