राष्ट्रीय (05/12/2014) 
राष्ट्र निर्माण में युवा कांग्रेस की भूमिका महत्वपूर्ण : डा. अशोक तंवर
नई दिल्ली, भारतीय युवा कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों के सम्मेलन कारवां-2014 का शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजन हुआ। सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भागीदारी की। इस कार्यक्रम में देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक मुद्दों पर चर्चा हुई। 
    कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर ने अपने संबोधन में युवा कांग्रेस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवा कांग्रेस ने हमेशा सक्रिय व सकारात्मक योगदान दिया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी राजनीतिक कार्यों के साथ सामाजिक-आर्थिक कार्यों मे निर्माणकारी रही है। देश के हर कोने में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत बना रहे है। युवा कांग्रेस को वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में ओर अधिक सक्रियता से कार्य करना होगा। उल्लेखनीय है कि डा. अशोक तंवर स्वयं भी भारतीय युवा कांग्रेस के 2005 से 2010 तक अध्यक्ष रहे है।
    पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में डा. अशोक तंवर ने युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस में यह अग्रिम संगठन हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। देश के सभी हिस्सों में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता राजनीति के साथ-साथ लोगों की हर दु:ख-तकलीफ में साथ रहे हैं। प्राकृतिक आपदाओं के समय में भी युवा कांग्रेस ने गंभीरता के साथ बचाव कार्यों में सराहनीय कार्य किए है। उन्होंने कहा कि देश में अच्छे दिनों का सब्जबाग दिखाने वाले दल के जनविरोधी कार्यों को राजनीतिक धरातल पर युवा कांग्रेस सबसे सक्रिय जवाब देती है। लोगों के बीच जाकर अच्छे और बुरे का फर्क बतलाने का महत्वपूर्ण कार्य भी युवा कांग्रेस के कंधों पर है। भारत युवाओं का देश है, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का कथन मैं भी युवा हूं और मेरे कुछ सपने है... की लाईन युवाओं के लिए आज भी प्रेरणा की स्रोत है। 
    उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए वर्तमान समय चुनौतीपूर्ण है, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी है और दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने है। इन चुनावों में युवा कांग्रेस मजबूती से पार्टी को जिताने में भूमिका निभाए। जो भी उम्मीदवार पार्टी का झंडा लेकर मैदान में उतरा है, उसका मजबूती से सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए मेहनत ही एकमात्र साधन है और मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। आप अच्छी प्रकार से मेहनत करोगे तो जीवन में अपने लक्ष्य आसानी से प्राप्त करोगे। उन्होंने कहा कि संघर्ष के इस दौर में सभी युवा साथी मिलकर सोनिया जी और राहुल जी के हाथ मजबूत करने में जीजान से जुटे। 
Copyright @ 2019.