राष्ट्रीय (04/12/2014) 
हरियाणा में अन्याय का सरकार में कोई स्थान नहीं - मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज प्रदेश के लोगों को विश्वास दिलाया कि भाजपा की वर्तमान प्रदेश सरकार में आम जनता को न्याय मिलेगा और अन्याय का सरकार में कोई स्थान नहीं है। जेबीटी या अन्य भर्तियों में जिन लोगों ने वास्तव में परीक्षा पास की है उन्हें निश्चित रूप से नौकरी मिलेगी। 

मुख्यमंत्री आज रोहतक के पुराने आईटीआई मैदान में आयोजित एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। पिछली सरकार द्वारा विभिन्न पदों पर की गई भर्तियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नौकरी पाए युवाओं के साथ राज्य सरकार की पूर्ण सहानुभूति है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने 1002 पटवारियों की भर्ती तो कर दी लेकिन उन्हें प्रशिक्षण नहीं दिलवाया लेकिन अब हमारी सरकार ने इन पटवारियों को प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया आरंभ की है। 

मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि पिछली सरकार को गैस्ट टीचरों को नियमित करने से किसने रोका था? उन्होंने कहा कि इस विषय पर भी राज्य सरकार न्यायालय के आदेशों को ध्यान में रखते हुए विचार कर रही है। इसीप्रकार, जेबीटी टीचर भर्ती के मामले में उन्होंने कहा कि इस भर्ती में कुछ लोगों को लाभ देने के लिए कईयों का हक मारा गया है। उन्होंने कहा कि 6000 ऐसे अभ्यार्थी पाए गए हैं जिनके हस्ताक्षर अथवा अंगूठों के निशानों का मिलान नहीं पाया गया है। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने सवा महीने के कार्यकाल में जनता, प्रशासनिक व कार्यकत्र्ता स्तर पर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से अपना कार्य करेगी और नौकरियां मैरिट एवं योग्यता के आधार पर ही मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार द्वारा 16 मई के बाद अनेक निर्णय लिए हैं जिनकी समीक्षा करने की आवश्यकता है और इसमें कार्यवाही जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार ने रजिस्ट्री प्रक्रिया को ऑन लाईन करने का निर्णय लिया है। लोगों को इस कार्य के लिए बार-बार तहसील के चक्कर काटने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है कि लोगों को घर बैठे ही रजिस्ट्री प्राप्त होगी। 

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है और अब तक जो कहा है उसे पूरा किया गया है और आगे भी ऐसा ही होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि जनता और सरकार के बीच प्रशासनिक अधिकारियों को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह नहीं समझना चाहिए कि उन्हें जनता पर राज करने का अधिकार है बल्कि उन्हें एक लोक सेवक के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा। 

उन्होंने कहा कि हर विधानसभा स्तर पर पार्टी कार्यकत्र्ताओं की एक निगरानी समिति बनाई जाएगी जो जनता व सरकार के बीच एक कड़ी का काम करेगी और विकास कार्य की प्रगति व अधिकारियों की कार्यप्रणाली का फीडबैक सरकार को देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हरियाणा की ढ़ाई करोड़ जनता को अपना परिवार माना है और सबको साथ लेकर प्रदेश को आगे ले जाने का कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का अभिनंदन करते हुए कहा कि बराला की नियुक्ति से पार्टी को मजबूती मिलेगी क्योंकि वे जमीन से जुड़े हुए नेता है और पार्टी में अनेक छोटे पदों पर रहते हुए अध्यक्ष बने हैं।

पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा मामलों के प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने कहा कि भाजपा विश्व का पहला ऐसा राजनीतिक दल बनने जा रहा है, जिसके सर्वाधिक सदस्य होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा के 33 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

 शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि जिन मुद्दों के आधार पर प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिया है उन सभी को राज्य सरकार ईमानदारी, जिम्मेदारी व पारदर्शी तरीके से पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की वर्तमान राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाली सरकार है। 

 वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन की वजह से हरियाणा पर 81 हजार करोड़ का कर्ज है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र से पहले राज्य सरकार इस विषय पर श्वेत पत्र जारी करेगी और प्रदेश को घाटे से उभारने के लिए कार्य किया जायेगा।   

        भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है वे इसे ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी लम्बे समय तक विपक्ष में रही है और कार्यकत्र्ताओं ने संघर्ष के दौरान अनेक बार लाठियां खाई है लेकिन अब कार्यकत्र्ताओं का यह दायित्व है कि वे सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को लोगों तक पहुचाएं।  

मंच का संचालन हरियाणा भाजपा के महामंत्री एवं विधायक मनीष ग्रोवर ने किया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण बेदी, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री, श्री कृष्ण देव कम्बोज, विधायक नरेश कौशिक, हरविन्द्र कल्याण, कृष्णलाल पंवार, सुखविन्द्र सिंह, संतोष यादव, सीमा त्रिखा, नायब सैनी व घनश्याम सर्राफ, पूर्व मंत्री प्रो. गणेशीलाल, शशिपाल मेहता, प्रो. छतरपाल व बडी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। 
Copyright @ 2019.