राष्ट्रीय (04/12/2014) 
अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक में सिकन्दर बख्त, खुर्शीदा किदवई और इम्दाद साबरी का स्मरण किया
नई दिल्ली, 4 दिसम्बर। प्रदेश कार्यालय में आज भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा एवं महिला मोर्चा की बैठकें आयोजित हुईं जिन्हें पार्टी अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय, राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती विजया राहतकर, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री आतिफ रशीद एवं प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्षा श्रीमती कमलजीत सहरावत ने सम्बोधित किया।  

महिला मोर्चा की बैठक में बोलते हुये श्री सतीश उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली में भाजपा के विस्तार में महिला मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। श्रीमती शकुंतला आर्य, बेगम खुर्शीदा किदवई, सुश्री पूर्णिमा सेठी, श्रीमती मोहनी गर्ग, श्रीमती कमला मल्होत्रा, श्रीमती नीरा शास्त्री द्वारा जगाई अलख को आगे बढ़ाते हुये आज श्रीमती मीनाक्षी लेखी, डॉ. अनीता आर्य, प्रो. रजनी अब्बी, श्रीमती रेखा गुप्ता, सुश्री आरती मेहरा ने पार्टी के विस्तार के लिए दिन-रात कार्य कर रही हैं। श्री उपाध्याय ने महिला मोर्चा से आवाहन किया कि प्रति जिला कम से कम 10,000 ऐसी गृहणियों को सदस्य बनायें जो पूरा समय पारीवारिक कार्य को देती हैं।

राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्षा श्रीमती विजय राहतकर ने कहा कि भाजपा नारी शसक्तिकरण, सम्मान और सुरक्षा को संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी स्वयं नारी सम्मान के लिए कार्य करते रहे हैं और उनके नेतृत्व में लोकसभा अध्यक्ष, गुजरात के मुख्यमंत्री का पद और मानव संसाधन विकास एवं अल्पसंख्यक मामलों जैसा महत्वपूर्ण मंत्रालयों का जिम्मा महिलाओं को दिया जाना इसका प्रमाण है।

अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक में बोलते हुये श्री सतीश उपाध्याय ने भाजपा के संस्थापक सदस्य श्री सिकन्दर बख्त का स्मरण करते हुये कहा कि आज जब भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार में आई है तो इसमें मुस्लिम समुदाय का भी महत्वपूर्ण सहयोग है। उन्होंने प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चे द्वारा चलाये जा रहे सदस्यता अभियान की सराहना करते हुये कहा कि दिल्ली में एक लाख सदस्य बनाने का जो लक्ष्य मोर्चे ने लिया है वह पूरी पार्टी के लिए प्रेरणा का कार्य कर रहा है जिसके चलते कल तक पार्टी की दिल्ली से सदस्यता 11.34 लाख तक पहुंच चुकी है। श्री उपाध्याय ने कहा कि इस सब को देखकर स्वर्गीय जनाब सिकंदर बख्त, बेगम खुर्शीदा किदवई, श्री इम्दाद साबरी जैसे आलमी नेताओं को बहुत सकून मिल रहा होगा। 

महिला मोर्चा की बैठक में मोर्चा अध्यक्षा श्रीमती कमलजीत सहरावत एवं अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष श्री आतिफ रशीद ने पार्टी कार्यकत्र्ताओं को अगले दो माह दिन रात पार्टी के लिए कार्य कर दिल्ली विजय अभियान को सफल बनाने का आवाह्न किया।

अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष श्री रमेश बाल्मीकि, महामंत्री श्री मोहन लाल गिहारा एवं परमिन्दर सिंह ने मोर्चे के सभी जिलों में बैठकों का आयोजन कर सभी आरक्षित विधानसभा सीटों पर अधिक से अधिक सदस्यों को भाजपा से जोड़ने के लिए कार्यकत्र्ता सम्मेलन करने का निर्णय लिया है।

Copyright @ 2019.