राष्ट्रीय (22/11/2014) 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री वेंकैया नायडू को दिया ज्ञापन
नई दिल्ली, 22 नवम्बर।  भाजपा दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय ने आज शाम केन्द्रीय मंत्री श्री एम. वेंकैया नायडू से मुलाकात कर उनको दिल्ली की प्रमुख 9 समस्याओं को लेकर के एक ज्ञापन दिया।  श्री उपाध्याय ने कहा है कि केन्द्र सरकार पिछले लगभग तीन दशकों से चली आ रही इन समस्याओं के निदान के लिए अविलम्ब प्रदेश भाजपा की इन मांगों को स्वीकार कर दिल्ली की जनता को राहत दें।

प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय द्वारा ज्ञापन में उठाये मुख्य बिन्दू हैं:

 दिल्ली की सभी अनधिकृत कालोनियों को यथास्थिति आधार पर नियमित किया जाये।

 डीडीए, दिल्ली सरकार और नगर निगम को दिल्ली के सांसदों की संस्तुति के आधार पर सभी अनधिकृत कालोनियों में समुदाय सेवायें प्रदान करने के आदेश दिये जायें।

दिल्ली स्पेशल प्रॉवीजन एक्ट-द्वितीय-2011 को तीन साल के लिए बढ़ाया जाये और इसमें बढ़ाने की तिथि तक के सभी निर्माणों और कालोनियों को सम्मिलित किया जाये।

दिल्ली में 351 अतिरिक्त सड़कों के कॉमर्शियल अथवा मिक्स लैण्ड यूज घोषित करने का नोटिफिकेशन अविलम्ब जारी किया जाये।

दिल्ली को स्वच्छता कार्य के लिए 500 करोड़ रूपये की विशेष राशि दी जाये।

द्वारका एवं पश्चिमी दिल्ली की जल समस्या के निदान के लिए डीडीए आवश्यक जमीन दिल्ली जल बोर्ड को प्रदान करे।

केन्द्र सरकार हस्ताक्षेप कर तुरन्त हरियाणा से दिल्ली को मुनक नहर के माध्यम से यमुना जल दिलवाये।

दिल्ली में उद्योग चलाने पर पाबंदियां लगने के बाद अनेक औद्योगिक क्षेत्रों में फैक्ट्रीयों के परिसर बेकार पड़े हैं।  कहीं कहीं लोग इनका अन्य कार्यों में उपयोग कर रहे हैं पर इसके लिए उनको अवैध रास्ते अपनाने पड़ते हैं।  अतः सरकार आगे आकर आद्योगिक प्लाटों पर व्यवसायिक गतिविधियां चलाने की अनुमति दे।

दिल्ली में डीडीए एवं अन्य निकाय रैन बसेरों के निर्माण के लिए जमीन दें ताकि यह मात्र सर्दियों का विकल्प न हों यह गरीब निराश्रय लोगों के लिए सर छुपाने का वास्तविक विकल्प बन सकें।

श्री उपाध्याय ने कहा है कि केन्द्रीय मंत्री श्री वेंकैया नायडू ने हमारी मांगों पर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है और शीघ्र ही सरकार हमारी मांगों पर कार्रवाई करेगी।
Copyright @ 2019.