राष्ट्रीय (20/11/2014) 
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने उपराज्यपाल से की रैन बसेरों में सुधार की मांग
नई दिल्ली, 20 नवम्बर।  भाजपा दिल्ली प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज आईएसबीटी बस अड्डे, अजमेरी गेट चैक, नेहरू प्लेस, नई दिल्ली गोल डाकखाना, सुल्तानपुरी, मंगोलपुरी, रोहिणी, पटपड़गंज स्थित रैन बसेरों का दौरा किया और वहां की व्यवस्था को बहुत लचर पाया।  जिसके उपरान्त दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय ने दिल्ली के उपराज्यपाल को आज एक पत्र लिखकर उनका ध्यान इन रैन बसेरों की दुर्दशा की ओर आकर्षित कर अविलम्ब इनमें सुधार की मांग की है।

श्री उपाध्याय ने उपराज्यपाल को लिखे पत्र में कहा है कि यह खेद का विषय है कि 2012 से 2014 के बीच माननीय उच्चतम न्यायालय के सख्त निर्देशों के बावजूद तत्कालीन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सरकारें हों या उसके बाद नौकरशाहों का दौर दिल्ली में रैन बसेरों की स्थिति बद से बदतर हो रही है।  

श्री उपाध्याय ने कहा है कि भाजपा की जिस टीम ने रैन बसेरों का दौरा किया उसने पाया कि ज्यादातर जगहों पर रैन बसेरों में शौचालय नहीं हैं, अगर है तो गंदे हैं।  नेहरू प्लेस के रैन बसेरे में तो टीम ने पाया कि एक जाति विशेष के लोगों ने उसे अपना 24 घंटे का घर बनाकर आसपास के पार्क में मेक सिफ्ट चूल्हे लगा लिये हैं।  शौचालय में पानी नहीं और सारा पार्क एक शौचालय में तबदील हो गया है जिसके कारण स्थानीय लोगों में भी रोष है।  आरएमएल अस्पताल एवं गुरूद्वारा बंग्ला साहिब पर भाजपा टीम को ऐसी भी शिकायतें मिली कि निराश्रय लोगों से रात में सोने देने के नाम पर पैसा भी वसूला जाता है।  बस अड्डा कश्मीरी गेट, डी-4 ब्लाक सुल्तानपुरी, आर ब्लाक, मंगोलपुरी, पटपड़गंज के नजदीक गणेश नगर (मदर डेयरी के पास), रोहिणी जहां शौचालय एवं रखरखाव की स्थिति तो बहुत खराब थी ही बिजली बल्ब की कमी के कारण अंधेरे की स्थिति थी। 

श्री उपाध्याय ने उपराज्यपाल से मांग की है कि धीरे-धीरे सर्दी बढ़ती जा रही है और ऐसे में यह आवश्यक है कि उपराज्यपाल अविलम्ब अधिकारियों को रैन बसेरों की व्यवस्था का सुचारू करने का आदेश दें। 

श्री उपाध्याय ने कहा कि रैन बसेरों में दोनों समय चाय तथा नाश्ते की व्यवस्था हो, पीने का पानी, कम्बल, बिस्तर, शौचालय, साफ सफाई आदि की भी व्यवस्था पर्याप्त की जाये।  रैन बसेरों को पास के अस्पतालों से इस तरह जोड़ा जाये ताकि बीमार पड़ने पर किसी भी गरीब का मुफ्त इलाज मौके पर ही हो सके।  भाजपा टीम में प्रदेश पदाधिकारी महामंत्री श्री आशीष सूद, निगम पार्षद श्री हर्ष मल्होत्रा, मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर और प्रदेश कार्यालय प्रभारी श्री महेन्द्र गुप्ता शामिल थे। 
 
Copyright @ 2019.