राष्ट्रीय (13/12/2013) 
वादों पर अमल के कारण ही भाजपा को मिली जीत की हैट्रिक - रामसेवक पैकरा
रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री डा. चरणदास महंत द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर लगाए गए गलत बयानी के आरोप को विधानसभा चुनाव में हुई पराजय से उत्पन्न खीज, हताशा और निराशा का परिणाम कहा है। उन्होंने कहा कि महंत का यह बयान वास्तव में जनादेश का अपमान है। भारतीय जनता पार्टी और डॉ. रमन सिंह की विकासोन्मुखी तथा संकल्पों को पूरा करने का ही परिणाम है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता ने अपने भविष्य को तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी के हाथों में सुरक्षित समझा है। जिस तरह से छत्तीसगढ़ की जनता लगातार कांगे्रस को नाकार रही है और सत्ता सुख से कांग्रेसियों को वंचित होना पड़ रहा है, डा. महंत के बयान इसी की परिणीति है।
श्री पैकरा ने कहा कि महंत का यह कहना पूर्णत: असत्य है कि कांग्रेस का यह वादा था कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो राज्य सरकार धान की खरीदी 2000 रूपए प्रति क्विंटल की दर से करेगी। इस तरह धान खरीदी पर जो लगभग 700 रूपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त भार आएगा, उस भार को राज्य सरकार अपने वित्तीय संसाधनों से वहन करती। सच्चाई तो यह है कि कांग्रेस ने अपने घोषणा-पत्र में ऐसा कोई उल्लेख ही नहीं किया था। आज सत्ता से वंचित होने के बाद, किसानों के हमदर्द बनने के लिए, महंत यह असत्य कथन कर रहे हैं कि उन्होंने अपनी कई पत्रकार वार्ताओं और सभाओं में इस बात की घोषणा की थी कि इस अतिरिक्त भार को कांग्रेस की राज्य सरकार वहन करेगी। श्री पैकरा ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण तथ्य का  उल्लेख कांग्रेस ने अपने चुनावी  घोषणा पत्र में क्यों नहीं किया था ? यह महंत और कांग्रेस की बदनीयती, अवसरवादिता और किसानों के साथ छलावा करने की पूर्व निर्धारित योजना और नीयत का परिचायक है। आज जब कांग्रेस को जनता ने तीसरी बार नकार दिया है तो कांग्रेस अनावश्यक रूप से बयानबाजी कर किसानों की हितचिंतक बनने का झूठा प्रयास कर रही है।
श्री पैकरा ने कहा कि डॉ. रमन सिंह और भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के पूर्व ही यह स्पष्ट कर दिया था कि राज्य सरकार धान पर 300 रूपए प्रति क्विंटल का बोनस देगी तथा 2100 रूपए प्रति क्विंटल की पहल करेगी। धान खरीदी पर 300 रूपए प्रति क्विंटल बोनस देने का आदेश जारी हो चुका है। वहीं चुनाव के पूर्व से ही भारतीय जनता पार्टी द्वारा केन्द्र की कांग्रेस सरकार से यह आग्रह किया जा रहा था कि धान का समर्थन मूल्य  2000 रूपए  घोषित करे जो कि उनके अधिकार क्षेत्र में है, किन्तु यह दुर्भाग्य का विषय है कि केन्द्र सरकार में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि के रूप में शामिल तथा कृषि राज्य मंत्री का दायित्व संभालने वाले चरणदास महंत इस दिशा में कोई पहल नही कर पाए और अब अनर्गल बयान बाजी कर भाजपा पर गलत बयानी का झूठा आरोप लगा रहे हैं। 
श्री पैकरा ने कहा कि डा. रमन सिंह और भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं होता है इसका प्रत्यक्ष उदाहरण, मुख्यमंत्री द्वारा शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ही, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को धान का समर्थन मूल्य 2100 रूपए करने के लिए लिखा गया आग्रह पत्र है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने पिछले 10 वर्षों में इस बात का  सुखद अनुभव किया है कि भारतीय जनता पार्टी अपनी घोषणाओं पर पूरा अमल करती है। उन्होने डॉ. महंत से यह आग्रह किया कि वे छत्तीसगढ़ राज्य के हित में धान का समर्थन मूल्य 2100 रूपए प्रति क्विंटल किए जाने के लिए, राज्य सरकार का सहयोग करें और अपनी ऊर्जा अनावश्यक और असत्य बयानबाजी में न लगाएं।
Copyright @ 2019.