राष्ट्रीय (21/12/2023) 
22 दिसंबर को इंडिया गठबंधन के सांसदों के निलंबन के खिलाफ जंतर मंतर पर विशाल प्रदर्शन - अरविन्दर सिंह लवली
प्रदर्शनकारियों को कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकप्रिय नेता व पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी सहित इंडिया गठबंधन के नेता संबोधित करेंगे।-अरविन्दर सिंह लवली

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सुबह से ही प्रदर्शन की जोरदार तैयारियां शुरु- सभी जिला अध्यक्षों व पर्यवेक्षकों को दिल्ली के सभी 280 ब्लाकों में जाकर प्रदर्शन की तैयारियों के लिए आग्रह किया गया।

नई दिल्ली, 20 दिसंबर, 2023 - भारतीय संसद के दोनो सदनों में कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन में सांसदों को अलोकतांत्रिक तरीके से निलंबित किए जाने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने 22 तारीख को सुबह 11 बजे जंतर मंतर पर विशाल प्रदर्शन करने का फैसला किया है। प्रदर्शनकारियों को कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकप्रिय नेता व पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी संबोधित करेंगे। इंडिया गठबंधन सभी सांसद इस प्रदर्शन में भारी संख्या में भाग लेंगे।

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष श्री अरविन्दर सिंह लवली ने प्रदर्शन की तैयारियों के सिलसिले में आज पार्टी कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन से घबराई भाजपा व एनडीए जिस तरीके से लोकतंत्र के मंदिर का अपमान कर रही है वो भारतीय लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुॅचाने वाली कार्यवाही है। उन्होंने कहा कि संसद की सुरक्षा के मुद्दे पर भारत के प्रधानमंत्री व गृहमंत्री के बयान की मांग करना अनुचित मांग नही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जो लोग आज संसदीय परम्पराओं की बात करते है वो इस बात को भूल रहे है कि इसी संसद में स्व0 जार्ज फर्नाडीस सबूत के तौर पर देसी कट्टा भी संसद में ला चुके है। उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि संसद में अपनी बात रखना हर सांसद का अधिकार है। श्री लवली ने सभी कांग्रेस जनों व आम जनता से आव्हान किया है कि वो भारी से भारी संख्या में जंतर मंतर पर पहुॅचे।

ज्ञातव्य है कि श्री लवली आज सुबह से  इस प्रदर्शन की तैयारियों के सिलसिले में न केवल प्रदेश कांग्रेस में बैठकर कार्यकर्ताओं से मिल रहे है बल्कि सभी जिला अध्यक्षों व पार्टी पर्यवेक्षकों को यह कहा गया है कि वो पूरी दिल्ली में सभी 280 ब्लाकों में जाकर कार्यकर्ताओं से मिले और लोकतंत्र बचाने की इस मुहिम में न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं बल्कि दिल्ली की आम जनता को भी शरीक करें। पार्टी कार्यालय में आज सुबह से ही पूरी दिल्ली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ है, इसके साथ-साथ पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता भी इस प्रदर्शन की तैयारी में लगे हुए है। लोगों में सांसदों के हुए अपमान को लेकर भारी गुस्सा है।

वरिष्ठ नेता श्री मुकेश शर्मा ने दिल्ली के तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आम जनता से अपील की है कि वो भारी से भारी संख्या में सुबह 11 बजे जंतर मंतर पहुचे। प्रदर्शन की इस व्यापक तैयारियों के लिए पार्टी ने अलग से कमेटियों का गठन भी किया है। एक अनुमान के मुताबिक पूरी दिल्ली से हजारों लोग जंतर मंतर के लिए हाथों में झंडे बैनर व प्ले कार्ड लिए जंतर मंतर की तरफ कूच करेंगे। प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के सांसदों के अलावा दिल्ली में मौजूद नेता भी शामिल होंगे। प्रदर्शन के सिलसिले में प्रदेश कार्यालय में भारी संख्या में नारे लिखे हुए प्ले कार्ड तैयार किए जा रहे है। 
Copyright @ 2019.