बिज़नेस (13/12/2023) 
अरोड़ा ने जीरो ऑवर में कपड़ा उद्योग का उठाया मुद्दा
लुधियाना, 13 दिसंबर 2023: सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा ने देशभर में टेक्सटाइल इंडस्ट्री की बिगड़ती स्थिति पर अपने विचार व्यक्त किये हैं। बुधवार को राज्यसभा के चल रहे शीतकालीन सत्र में शून्यकाल के दौरान बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि टेक्सटाइल इंडस्ट्री, विशेष रूप से स्पिनिंग इंडस्ट्री, खराब स्थिति में है।

अरोड़ा ने कहा कि देश के कपड़ा उद्योग की ओर सरकार द्वारा तत्काल ध्यान देने की जरूरत है क्योंकि यह घाटे में चल रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल देशभर में कपड़ा उद्योग औसतन करीब 50 फीसदी क्षमता पर चल रहा है। इसलिए, उन्होंने जोर देकर कहा कि उद्योग की सुरक्षा के लिए कपड़ा और वित्त मंत्रालय द्वारा तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने सदन को अवगत कराया कि अप्रत्यक्ष लाभार्थियों के अलावा 45 मिलियन से अधिक श्रमिक उद्योग में  कार्यरत हैं। अरोड़ा ने बताया कि यदि उद्योग के हितों की रक्षा के लिए तत्काल उपाय नहीं किए गए तो भारी बेरोजगारी और बड़ी मात्रा में एनपीए की भी संभावना है। उन्होंने सुझाव दिया कि उद्योग को बचाने के लिए कपास और पॉलिएस्टर फाइबर के आयात को शुल्क मुक्त करने की जरूरत है।

अरोड़ा ने यह भी सुझाव दिया कि आसियान एफटीए के तहत आने वाले देशों से पॉलिएस्टर यार्न के शुल्क मुक्त आयात पर एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि निर्यात प्रोत्साहन दिए जाने की जरूरत है, जो अभूतपूर्व होना चाहिए।  

अपने संबोधन का समापन करते हुए उन्होंने उद्योग जगत को मदद की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे कच्चे माल के आयात को सस्ता और तैयार उत्पादों को महंगा बनाकर मेड इन इंडिया मिशन को हासिल करने में मदद मिलेगी।
Copyright @ 2019.