अपराध (21/02/2023) 
पूरी रात शव के पास बैठी रही पत्नी, सुबह पुलिस को फोन कर कहा-दूसरी शादी की बात छिपाई !
उत्तर पूर्वी दिल्ली के करावल नगर के वेस्ट कमल विहार में युवक मुन्ना (38) की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी खुद की ही पत्नी ने की थी। पुलिस ने हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए मृतम की पत्नी मोना (24) को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल मुन्ना ने पहली शादी छिपाकर मोना से दूसरी शादी की थी।

मोना को जब पति की पहली शादी का पता चला तो वह उससे झगड़ा करने लगी। शनिवार रात को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद मोना ने पति के सिर पर जोरदार डंडा मारा, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने सोमवार को मोना को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उत्तर-पूर्वी जिला की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संध्या स्वामी ने बताया कि रविवार तड़के करीब 5.00 बजे मोना नामक महिला ने अपने पति के घर में खून से लथपथ पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। 

महिला ने यह भी आशंका जताई कि शायद उसके पति की मौत हो चुकी है। खबर मिलते ही पुलिस वेस्ट कमल विहार, करावल नगर पहुंची। वहां मुन्ना नामक युवक का शव बरामद हुआ। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि सब्जी कारोबारी ने दो शादियां की हुई थी। 
उसकी पहली पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ भागलपुर बिहार में रहती है। यहां कारोबार के दौरान उसने मोना से दूसरी शादी कर ली थी। मोना और मुन्ना की उम्र के बीच 14 साल का अंतर था। इस वजह से दोनों के बीच झगड़ा होता था।

वहीं मुन्ना ने पहली पत्नी और बच्चों की बात छिपाकर मोना से शादी की थी। मोना को जब इसका पता चला तो वह उससे झगड़ने लगी। घटना वाले दिन देर रात को दोनों के बीच झगड़ा हुआ। देर रात करीब 3.00 बजे मोना पति की सिर पर डंडा दे मारा। मुन्ना के सिर से खून बहने लगा तो उसने उसका गला भी घोंट दिया। 

बाद में वह शव के पास बैठी रही और सुबह होने का इंतजार करने लगी। सुबह होते ही उसने पुलिस को खबर दे दी। पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो हकीकत का पता चल गया। मुन्ना और मोना का तीन साल का एक बच्चा है।
Copyright @ 2019.