अपराध (17/02/2023) 
यमुना विहार में कार पार्किंग को लेकर बाप-बेटे को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती; दोनों की हालत नाजुक
दिल्ली के भजनपुरा इलाके में कल रात पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने पिता-पुत्र को गोली मार दी। लोगों ने गोली मारने वाले आरिफ को मौके से पकड़ लिया। घायल वीरेंद्र अग्रवाल व उनके बेटे सचिन को पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। भजनपुरा थाना पुलिस हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

वीरेंद्र अपने परिवार के साथ यमुना विहार में रहते हैं। उनके पड़ोस में फुरकान रहता है, जिसके घर में आरिफ किराये पर रहता है। वीरेंद्र कल रात को अपने बेटे के साथ शादी में गए थे। रात करीब एक बजे दोनों शादी से घर लौटे। आरिफ ने अपनी कार बीच में खड़ी की थी।

आरोप है जब पीड़ित ने कार हटाने के लिए कहा तो आरिफ भड़क गया और उसने पिस्टल निकालकर गोलियां बरसा दी। दो गोली वीरेंद्र व एक बेटे को लगी है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर पुलिस जांच में जुटी है।
Copyright @ 2019.