विशेष (20/07/2022) 
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने, आरएमएल अस्पताल में टीकाकरण केंद्र का किया निरीक्षण
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी  बैजयंत जय पांडा ने मंगलवार को आरएमएल अस्पताल के टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। पांडा ने वहां कोविड सेवाओं में लगे डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष  अशोक गोयल देवराहा एवं  जयवीर राणा, प्रदेश भाजपा मीडिया विभाग सह-प्रमुख  हरिहर रघुवंशी, सोशल मीडिया प्रमुख डॉ. रोहित उपाध्याय एवं नई दिल्ली जिला अध्यक्ष  प्रशांत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

पत्रकारों से बात करते हुए  बैजयंत जय पांडा ने कहा कि, भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बुस्टर डोज लेने के लिए लोगों के बीच जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है और इसके लिए कैंप भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही बुस्टर डोज लगाने वालों को सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने 200 करोड़ वैक्सीनेशन की संख्या पार होने पर प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, मोदी सरकार ने मुफ्त वैक्सीनेशन का अभियान चलाया और भारत के लोगों को नया जीवन देने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी दूरगामी सोच का परिणाम है कि भारत इतनी बड़ी महामारी से सीमित संसाधनों के बावजूद उबर पाया।

 पांडा ने कहा कि, आज बुस्टर डोज भी मुफ्त लगाई जा रही है। दिल्ली में भी केंद्र सरकार द्वारा दी गई 18 साल के ऊपर वालों को बुस्टर डोज मुफ्त लगाई जा रही हैं। 15 जुलाई से बुस्टर डोज लगाने का अभियान शुरु किया गया था और आज देश में औसतन प्रतिदिन 15 लाख बुस्टर डोज लगाई जा रही हैं जो भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

Copyright @ 2019.