राष्ट्रीय (12/07/2015) 
विद्यार्थी दिवस पर गीता स्कूल से मैराथन
नई दिल्ली। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर दिल्ली के शंकर नगर स्थित, गीता स्कूल में आयोजित मैराथन दौड़ का शुभारम्भ राष्ट्रवादी शिवसेना अध्यक्ष जय भगवान गोयल झण्डा दिखा कर किया। विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष में पर्यावरण यूथ स्वच्छ भारत मैराथन में बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। भारी वर्षा के बावजूद 450 बच्चे मैराथन दौड़ में शामिल हुए। दिल्ली में पर्यावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 पौधों का रोपण भी किया गया। इस अवसर पर गोयल ने छात्रों को दिल्ली के निरंतर बिगड़ते पर्यावरण में सुधार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के लिए तहेदिल से कार्य करने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में सर्वाधिक प्रदूषण होने के कारण दिल्लीवासी स्वयं में ग्लानि तो महसूस कर रहे हैं लेकिन सुधार के लिए मात्र सरकार की ओर नजरें जमा देते हैं। युवकों विशेषकर छात्रों को आगे आकर जन साधारण को अपनी दिल्ली स्वच्छ रखने व अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परस्पर मिलकर काम करने से ही हम दिल्ली को साफ सुथरा व हरा भरा बना सकते हैं। इसमें दो राय नहीं कि छात्र इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
Copyright @ 2019.