राष्ट्रीय (11/07/2015) 
हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध- मनोहर लाल

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में भ्रष्टाचार को पूर्ण रूप से खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध है और इस दिशा में सरकार कड़े कदम भी उठा रही है।

        मुख्यमंत्री आज हिसार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जो विपक्षी भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, वे अपने शासनकाल को याद करें कि पूर्व में किस प्रकार का भ्रष्टाचार व्याप्त था। उन्होंने कहा कि जनता भी उनके कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार को भलीभांति जानती है।

        मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं से संवाद करने का कार्यक्रम था। तीन जिलों के कार्यकर्ताओं ने फीडबैक दिया है, जिस पर सरकार गहनता से विचार-विमर्श करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच में कड़ी का काम कर रहे हैं और  सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की क्रियान्वयन की पूरी रिपोर्ट पार्टी के उच्च पदाधिकारियों को दे रहें हैं।

        उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को जो सरकार की तरफ से जिम्मेदारी दी जाती है, उसे निष्ठा से पूरा कर रहे हैं। सरकार द्वारा बनाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं, परियोजनाओं व नीतियों के क्रियान्वयन की पूरी निगरानी कर रहे हैं। इस काम के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 11 सदस्यीय कार्यकर्ताओं की कमेटियां गठित की गई हैं।

        कार्यकर्ता सम्मेलन के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कैडर आधारित पार्टी है, भाजपा में कैडर के अनुरूप ही कार्यकर्ताओं के सम्मेलन आयोजित किए जाते हैं। प्र्रदेश में दक्षिणी हरियाणा के लिए अलग से हाईकोर्ट की स्थापना करने संबंधी प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी यह मामला विचाराधीन है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतें सुनी और अधिकारियों को निदान करने के आदेश दिए।  इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सुभाष बराला, विधायक डा. कमल गुप्ता भी उपस्थित थे।

Copyright @ 2019.