राष्ट्रीय (11/07/2015) 
व्यक्ति का पूर्ण रिकॉर्ड बनाने के लिए सरकार कर रही है स्टेट रिकॉर्ड डाटा बेस तैयार- मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि सरकार ने प्रदेश के हर व्यक्ति का पूर्ण रिकॉर्ड बनाने के लिए स्टेट रिकॉर्ड डाटा बेस तैयार कर रही है। प्रदेश के हर व्यक्ति की स्थिति सरकार जानेगी और उसके हिसाब से योजनाओं को लागू भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री आज हिसार में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर गठित की गई निगरानी समितियां जहां विकास कार्यों की निगरानी करेंगी, वहीं सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में अपना अहम रोल अदा करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निगरानी समिति के सदस्यों को जनता की अपेक्षाओं और उनकी कठिनाईयों को जानना हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी भी लाभार्थी तक पहुंचानी है। उन्होंने कहा कि निगरानी समिति के सदस्यों को सरकार सभी प्रकार की जानकारी देगी, जो सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए लागू की गई है। समिति के सदस्यों को ई-मेल व एसएमएस के माध्यम से डाटा उपलब्ध करवाया जाएगा। मनोहर लाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता व सरकार के बीच एक कड़ी का काम करें। कार्यकर्ताओं का यह फर्ज है कि वह सरकार की लागू की गई हर योजना की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं ताकि वे योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाएग कि उन योजनाओं का लाभ किन लोगों को किस तरह मिला है, यह फीडबैक भी सरकार तक पहुंचाने का काम करें। सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सीधा पहुंचे और इसमें कार्यकर्ता महत्वपूर्ण रोल अदा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद व्यक्त करते हुए ई-रजिस्ट्री, सीएम विंडो, कॉमन सर्विस सैंटर बारे फिडबैक लेते हुए बताया कि सरकार का मुख्य उद्ेश्य जनता को भ्रष्टाचार मुक्त शासन देना है। सरकार ने आईटी के माध्यम से योजनाओं को लागू किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले यह था कि जब एक रुपया ऊपर से आता था, तो नीचे पहुचंते-पहुंचते वह मात्र 15 पैसे बचता था, परन्तु उनकी सरकार यह विश्वास दिलाती है कि जनता के पैसे का पूरा लाभ जनता तक अवश्य पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार ना हो इसके लिए जरूरी है कि शिक्षा व संस्कार भी हों। व्यक्ति विकास से ही राष्ट्र निर्माण है, उसी को ध्यान में रखते हुए उनकी सरकार नैतिकता और चरित्र निर्माण पर बल दे रही है। मनोहर लाल ने कहा कि बेरोजगारी आज के समय में एक गंभीर समस्या जरूर है, परन्तु हमारी सरकार का यह ध्येय है कि हर व्यक्ति को काम मिले। उन्होनें पूर्व की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिना नियम व कानून कायदे लागू किए गए प्रदेश में 90 हजार कर्मचारियों की बैकडोर भर्ती की। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में योग्यता के आधार पर ही युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और लोगों को लघु उद्योग और स्वयं के कार्य करने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार की गलत नीतियों की वजह से हरियाणा के बिजली निगमों पर 28 हजार करोड़ रुपए का घाटा है। सरकार जनता को सुविधाएं प्रदान करने के लिए फैसले ले रही है और प्रदेश के 83 फीडर पर 15 घण्टे बिजली देनी शुरू की है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सुविधाओं के बदले टैक्स देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता में पहले यह भय था कि उनका दिया हुआ टैक्स कल्याणकारी नीतियों में न जाकर के भ्रष्टाचार की भेंट चढ जाता है, परन्तु उनकी सरकार ने लोगों की यह मानसिकता बदली है और लोगों में विश्वास जताया कि इस सरकार में जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च किया जाएगा। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में यह पहला अवसर है कि जब कोई मुख्यमंत्री अपने कार्यकर्ताओं के बीच आकर सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की फीडबैक लेने आए हैं। इसी फीडबैक के आधार पर ही जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की जाती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को गांव-गांव और गली-गली तक लेकर जाए, ताकि कोई पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। कार्यकर्ताओं को अपने क्रियाकलापों से यह सिद्ध करना होगा कि वे सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सुभाष बराला ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि थोड़ी सी अवधि में केन्द्र व राज्य सरकार ने व्यवस्था सुधारीकरण के लिए आमूलचूल परिवर्तन किया है, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। केन्द्र सरकार ने आम आदमी की सुविधा के दृष्टिगत प्रधानमंत्री जीवन बीमा, प्रधानमंत्री दुर्घटना बीमा व अटल पैंशन योजना जैसी महत्वपूर्ण जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से लोगों का भविष्य सुरक्षित किया है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे इन महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत एवं बेटी बचाओ-बेटी पढाओ जैसे सामाजिक अभियान चलाए हैं। कार्यकर्ता इसमें भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करके अपने सामजिक दायित्व को भी निभाएं। उन्होंने स्वयं सेवी संस्थाओं से भी आहावान किया कि वे इन अभियानाअेें में बढ़-चढ़कर भाग लें। मंच संचालन सुरजीत सिंह एवं सुरेन्द्र पुनिया ने किया। कार्यकर्ता सम्मेलन में हिसार विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा. कमल गुप्ता, सीएम के राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, प्रो. गणेशी लाल, श्रीनिवास गोयल, जगदीश नेहरा, अमीरचंद महता, भारत भूषण मिढा, ज्योति बेंदा सहित हिसार, सिरसा व फतेहाबाद जिलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.