राष्ट्रीय (08/07/2015) 
हरियाणा रोडवेज में 1000 नई बसें होंगी शामिल
चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज कहा कि राज्य सरकार आमजन को अधिकतम सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए राज्य परिवहन का कायाकल्प करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 1000 नई बसें भी शामिल की जाएंगी ताकि परिवहन सेवाओं को और सुधारा जा सके।
मनोहर लाल, जो आज चण्डीगढ़ से करनाल तक एक वोल्वो बस में यात्रा करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, ने कहा कि देश की अन्य बस सेवाओं की तुलना में हरियाणा रोडवेज़ यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान कर रहा है। परिवहन विभाग यात्रियों के लिए सुविधाओं में और सुधार करने हेतु विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रहा है।  इसके साथ ही राज्य रोडवेज़ की कार्यशालाओं को भी सुधारा जाएगा। 
बस में आम यात्रियों के साथ बैठे हुए मुख्यमंत्री को उनके साथ बातचीत करने का मौका भी मिला। कई यात्रियों के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ यात्रा करना एक सुखद अनुभव था। 
अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री चण्डीगढ़ स्थित हरियाणा रोडवेज की कार्यशाला भी गए, जहां उन्होंने कार्यशाला की कार्यप्रणाली के बारे सीधे जानकारी प्राप्त की और बस परिचालकों की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने कार्यशाला में स्वच्छता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। 
एक पत्रकार के प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने साधारण बसों में और कई बार भीड़ भरी डीटीसी की बसों में खड़े होकर भी यात्रा की है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इससे पहले भी कई बार बसों में यात्रा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद बस में यात्रा करने का उनका यह पहला मौका है। उन्होंनेे कहा कि उन्होंने मैट्रो में भी यात्रा की है। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य, मुख्य मंत्री के विश्ेाष कार्याधिकारी  जवाहर यादव और परिवहन विभाग के कईं अधिकारी भी थे।
Copyright @ 2019.