राष्ट्रीय (08/07/2015) 
अधिकतर पेंशन का वितरण होगा बैंको के माध्यम से- मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज कहा कि प्रदेश में अधिकतर पेंशन का वितरण बैंको के माध्यम से किया जा रहा है। इससे पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है और करीब 10 से 20 प्रतिशत नाजायज पेंशन लेने वालों पर अंकुश लगा है। इस पैसे से पात्र व्यक्तियों को पेंशन दी जाएगी। 
मुख्यमंत्री ने यह जानकारी आज करनाल में लोगों को सम्बोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन प्राप्त करने में अब पात्र व्यक्ति को कोई दिक्कत नहीं होगी, जिसकी आयु 60 वर्ष की हो गई है,वह अपना नया फार्म आधार कार्ड के साथ भर सकता है। बिना आधार कार्ड के किसी प्रकार का कोई भी फार्म मान्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आज सूचना प्रौद्योगिकी का युग है और आगे बढऩे के लिए सभी लोगों को आई.टी. से जुडऩे की जरूरत है। पिछले वर्ष हरियाणा आई.टी. के क्षेत्र में 21 वें नम्बर पर था, परन्तु आज हरियाणा पांचवें नम्बर पर पहुंच गया है। 
मुख्यमंत्री ने लोगों की क्षेत्र से सम्बंधित सार्वजनिक समस्याएं सुनी और कहा कि उनकी सभी समस्याओं को हल किया जाएगा। अब तक तो व्यवस्था की दिशा बदलने पर काम किया जा रहा था, अब प्रदेश की व्यवस्था पटरी पर है तो विकास को भी दिशा मिलनी आरम्भ हो गई है। शीघ्र ही प्रदेश में 50 हजार कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी, जिनके लिए आवेदन मांगे जा रहे है। भर्तियों में पारदर्शिता रहेगी, योग्य व्यक्ति को ही मौका दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को डिजिटल इंडिया बनाने की जो योजना चलाई है, उसमें प्रदेश के आम आदमी को भागीदारी करनी है। हरियाणा सरकार ने भी डिजिटल के माध्यम से काम करना आरम्भ कर दिया है। आने वाली पीढ़ी ही नहीं बल्कि वर्तमान में लोगों को इस सूचना प्रौद्योगिकी का लाभ उठाना चाहिए। हरियाणा सरकार द्वारा ई-दिशा, ई-रजिस्ट्रेशन, सीएम विंडो, सी फार्म व अन्य 24 सेवाओं को भी डिजिटल के माध्यम से आरम्भ किया है। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और लोगों को इसका समयबद्ध तरीके से लाभ मिल रहा है। देश-दुनिया अब छोटी दिखाई दे रही है। 
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्र में विधायकों की मांग पर विकासात्मक जनसभाएं की जा रही है। इन जनसभाओं में विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अनुदान दिया जा रहा है, अब तक करीब 30 विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित की जा चुकी है। 
इस अवसर पर समाज कल्याण राज्यमंत्री कृष्ण बेदी, असंध के विधायक बख्शीश सिंह विर्क, ओएसडी जवाहर यादव, सीएम कैम्प कार्यालय के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, बाल कल्याण परिषद हरियाणा की सचिव संतोष अत्रेजा, करनाल नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता,करनाल रेंज के आईजी हनीफ कुरैशी, उपायुक्त डा०जे.गणेशन, एसपी सिमरजीत सिंह के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। 
Copyright @ 2019.