राष्ट्रीय (07/07/2015) 
नवजात बच्चों के जन्म को आधार से लिंक करने का हुआ उद्घाटन
कैथल :- जिला उपायुक्त के.मकरंद पांडुरंग ने आज स्थानीय इंदिरा गांधी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में आज डिजिटल वीक के अंतिम दिन स्थापित किए गए नवजात बच्चों के जन्म को आधार से लिंक करने के केंद्र का उद्घाटन किया। इस नई व्यवस्था से नवजात बच्चों के अभिभावकों को जन्म के समय ही बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र आधार लिंक करके उपलब्ध करवाया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि अब अस्पताल में पैदा होने वाले बच्चों को जन्म के समय ही आधार कार्ड के साथ लिंक करके जन्म पंजीकरण किया जाएगा। आधार लिंक जन्म प्रमाण-पत्र मौके पर ही दे दिया जाएगा। इस नई व्यवस्था से नवजात बच्चे का फेश फोटो कैप्चर करके पंजीकरण होगा। इसमें बच्चेे के मां-बाप में से किसी एक का आधार कार्ड बना है तो उसका जन्म पंजीकरण हो सकेगा। इस नई व्यवस्था में बायोमैट्रिक प्रणाली से अभिभावकों को पंजीकृत किया जाएगा तथा आधार बेसड डाटा अपलोड करके राज्य सर्वर पर डाला जाएगा। यह जन्म प्रमाण-पत्र हर जगह पर काम आएगा। यदि किसी बच्चे का नामकरण नही हुआ हो, तो नाम खाली रखा जाएगा तथा इस पंजीकरण में बच्चे का मां के साथ नाम लिखते हुए पैदा होने का क्रम लिख दिया जाएगा। आने वाले समय में जब बच्चे का नामकरण हो जाए तो इस पंजीकरण को आधार सैंटर में अपडेट कर दिया जाएगा। जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी दीपक खुराना ने बताया कि आधार लिंक जन्म पंजीकरण व्यवस्था से बच्चों को स्कूलों में दाखिला, छात्रवृति या अन्य वित्तीय सहायता लेते समय जन्म प्रमाण पत्र के  आभाव में होने वाली समस्याओं से निजात मिलेगी। दीपक खुराना ने बताया कि आज से जिला के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में यह आधार लिंक जन्म प्रमाण-पत्र पंजीकरण व्यवस्था शुरू कर दी गई है। एसडीएम कैथल आरके सिंह द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौल में, नगराधीश नवीन आहुजा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीवन में, एसडीएम अश्वनी मैंगी द्वारा कलायत में, एसडीएम गुहला बीर सिंह कालीरमण द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुहला में तथा सिविल सर्जन डा. आरएस पुनिया द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौल में आधार लिंक जन्म पंजीकरण व्यवस्था का शुभारंभ किया गया है।  
इस अवसर पर एसडीएम आरके सिंह, सिविल सर्जन आरएस पूनिया, चिकित्सा अधीक्षक गोयल तथा चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित  रहे।
राजकुमार अग्रवाल 
Copyright @ 2019.