राष्ट्रीय (28/06/2015) 
अपने घरों में एक-एक गाय अवश्य पालें- ओमप्रकाश धनखड़
हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेश के लोगों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों में एक-एक गाय अवश्य पालें क्योंकि गाय का दूध भैंस के दूध की अपेक्षा अधिक स्वास्थ्यवर्धक होता है। ओमप्रकाश धनखड़ ने जिला हिसार के गांव कुलेरी में स्थापित कमल गिरी गऊशाला के उद्घाटन अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार अधिक दूध देने वाली गायों के पालकोें को 10 से 20 हजार रूपये तक की प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध करवा रही है। आज प्रदेश में उन किसानों की जरूरत है जो गाय का दूध, लस्सी, घी, पनीर आदि की मार्केटिंग करके अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ गौ-संरक्षण एवं गौ-सर्वधन का कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गऊशालाओं में लगभग 3 लाख गाय है, जबकि एक लाख 17 हजार गाय सड़कों अथवा आवारा घूम रही है। ऐसी गायों के लिए प्रदेश सरकार गौ-अभ्यारण्य स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गऊशालाओं का उद्देश्य बुढ़ी, बीमार व बेसहारा गायों की सेवाओं के साथ-साथ गाय के दूध व दूध से बने उत्पादों की मार्किटिंग करना होना चाहिए। धनखड़ ने कहा कि प्रदेश की गऊशालाएं उन्नत नस्ल की गायें-साहीवाल, राठी, थारपारकर, हरियाणा व गीर नस्ल की बछडि़यां पैदा करके अन्य पशुपालकों को उपलब्ध करवाने की योजनाएं बनाए। इससे गौ पशुधन में बढोतरी होगी और इन गायों के दूध व मक्खन से लोगों के स्वास्थ्य पर अच्छा असर पडे़गा। वैज्ञानिक शौध से यह सिद्ध हो चुका है कि गाय का दूध भैंस के दूध से श्रेष्ठ है। गाय के दूध, घी, लस्सी व अन्य दुग्ध उत्पाद स्वास्थ्य वर्धक है और मानव शरीर के लिए सर्वश्रेष्ठ है। प्रदेश सरकार ने प्रदेश में देशी नस्ल की गायों के संरक्षण तथा उन्नयन के लिए गौ-संरक्षण व गौ-सर्वधन कानून लागू किया है। इस कानून के तहत गाय की हत्या करने वाले व्यक्ति को दस साल की कैद व एक लाख रूपये का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। इसी प्रकार गौ-तस्करी करने वाले व्यक्ति को 7 साल की कैद व उसके वाहन का जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कुलेरी गांव में ग्राम सचिवालय बनवाने, सिवानी माईनर से गांव के लिए मोगा मंजूर करने तथा गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए तरल कचरा प्रबंधन संयंत्र लगवाने की मंजूरी दी। कुलेरी गऊशाला को 11 लाख रूपये की राशि आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान की। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने गऊशाला उद््घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार हर क्षेत्र में समान रूप से बिना भेदभाव के सरहानीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केन्द्र सरकार भ्रष्टाचार के खातमे व पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध करवाने की दिशा में काम कर रही है। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरैंस नीति को लेकर चल रही है। भारत विश्व योग गुरू है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूएनओ में योग के महत्व को रखकर विश्व के 190 देशों में योग दिवस का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को सही दिशा मिले इसके लिए प्रदेश के एक हजार गांवों में योग एवं व्यायामशालाएं खोली जाएगी। इन व्यायामशालाओं में योग प्रशिक्षक भी रखे जाएंगें।
Copyright @ 2019.