राष्ट्रीय (21/06/2015) 
5 करोड बेघर लोगो के लिए 2022 तक करवाएंगे मकानो का निर्माण

कैथल । केंद्र सरकार द्वारा देशभर में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 2022 तक 5 करोड़ बेघर लोगों के लिए पक्के मकानों का निर्माण करवाया जाएगा। इन मकानों के निर्माण से जहां एक तरफ बेघर लोगों को पक्के मकान उपलब्ध होंगे, वहीं इनके निर्माण में शामिल युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। सरकार द्वारा बेरोजगार युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत युवाओं को हाथ के हुनर का प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। इसके तहत 70 प्रतिशत प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार की पक्की गारंटी मिलेगी। 

यह अभिव्यक्ति केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बीरेंद्र सिंह ने आज राजौंद की अनाज मंडी में धर्मपाल शर्मा द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितगण को संबोधित करते हुए व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक नई करवट ली है तथा देश में आर्थिक आजादी की तरफ कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में पांच करोड़ ऐसे गरीब लोग हैं, जिनके पास रहने के लिए पक्के मकान नही हैं। सरकार द्वारा पक्के मकानों से वंचित देश वासियों को मकान प्रदान करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अंतर्गत वर्ष 2022 तक तीन करोड़ पक्के मकान ग्रामीण क्षेत्रों तथा 2 करोड़ पक्के मकान शहरी क्षेत्रों में बनाए जाएंगे। इन मकानों के निर्माण से बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध होगा तथा बेघर व्यक्तियों को छत्त भी नसीब होगी। सरकार द्वारा इंदिरा आवास योजना के तहत पक्का मकान बनाने के लिए दी जाने वाली 70 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि में भी वृद्धि की जाएगी, ताकि अच्छे मकान का निर्माण हो सके। 

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संशोधित भूमि अधिग्रहण अधिनियम में यह प्रावधान किया गया है कि किसी भी निजी उद्योगपति या व्यापारी अथवा बड़े साहुकार घरानों को एक ईंच जमीन भी भूमि अधिगृहित करके नही दी जाएगी, बल्कि सरकार द्वारा केवल विकास परियोजनाओं के लिए भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि गरीबों व किसानों के मसीहा चौधरी छोटू राम के नाती के तौर पर उनके रहते किसी भी किसान को नुकसान नही होने दिया जाएगा तथा सरकार द्वारा यह अधिनियम किसान के हित को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के साधन जुटाना चाहते हैं। विपक्षी पार्टियों द्वारा भूमि अधिग्रहण अधिनियम के बारे में लोगों को झुठा प्रचार करके भ्रमित किया जा रहा है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि आगामी दो माह में उत्तरी हरियाणा के विकास से अछूते हलकों का महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस महासम्मेलन में लगभग 14 पिछड़े हलकों के संपूर्ण विकास की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। इस महासम्मेलन के दौरान बैंक खातों से वंचित परिवारों के बैंक खाते खोलने के लिए भी मौके पर विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तरी हरियाणा के क्षेत्र का पूर्ण विकास करवाना भारतीय जनता पार्टी का दायित्व है तथा वे क्षेत्र के विकास में एक सिपाही के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व देश भर में लगभग सवा तीन करोड़ बैंक खाते थे। प्रधानमंत्री की देश को आर्थिक तौर पर एक माला में पिरोने की विशेष मुहिम के तहत अब तक 16 करोड़ बैंक खाते खोले जा चुके हैं। देश के हर नागरिक का देश की संपदा में बराबर हिस्सा है और यह बात चौधरी छोटू राम ने भी स्पष्ट की थी। सरकार द्वारा हर नागरिक का हक सुनिश्चित किया जाएगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की आजादी के बाद लगभग 560 रियासतों को एक झंडे के नीचे लाकर राजनीतिक आजादी हासिल की थी। देश में गरीब आदमी को सुरक्षा चक्र प्रदान करने के लिए विभिन्न बीमा योजाएं तथा पैंशन योजना भी शुरू की गई है। मात्र 12 रुपए सालाना पर 2 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा प्रदान किया गया है तथा 320 रुपए सालाना पर भी दो लाख रुपए का बीमा करने का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा अटल पैंशन योजना की भी शुरूआत की गई है। 

बीरेंद्र सिंह ने विपक्षी पार्टियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अब तक पिछली सभी सरकारों ने इस क्षेत्र के साथ हमेशा भेदभाव किया है, जिससे आज यह क्षेत्र विकास के मामले में दूसरे क्षेत्रों से पिछड़ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धन कमाने की लालची शिक्षण संस्थाओं को विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की ईजाजत नही दी जाएगी तथा ऐसी संस्थाओं द्वारा पूर्व में की गई अनियमितताओं की जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मेरे लिए राजौंद और डुमरखां एक जैसे हैं तथा मैं इन क्षेत्रों में समान विकास करवाने का पूर्ण प्रयत्न करूंगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बेहत्तर शिक्षा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को मुहैया करवाई जाएंगी। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने पुराने साथियों का कभी साथ नही छोड़ा, भले ही पुराने साथी उन्हे छोडक़र चले गए हों। भारतीय जनता पार्टी ने सभी कार्यकर्ता को मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने लोगों का आह्वान किया वे अपने हकों के प्रति जागरूक हो, अपनी शक्ति को पहचाने और पार्टी में पूर्ण विश्वास रखें, तभी यह क्षेत्र तरक्की के चरम पर पहुंच पाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं तथा नागरिकों द्वारा केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री का मान-सम्मान का प्रतीक पगड़ी, तलवार तथा स्मृति चिन्ह भेंट करके नागरिक अभिनंदन किया गया।  

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजपाल तंवर ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा जनहित के अनेक फैसले लिए गए हैं। सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है तथा संपूर्ण प्रदेश में एक समान विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय ग्रामीण मंत्री से किसानों के खेतों के रास्ते पक्के करवाने का अनुरोध किया, ताकि उन्हें इस कार्य के लिए हमेशा याद रखा जाए। 

कार्यक्रम के आयोजक बीजेपी नेता धर्मपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि बीरेंद्र सिंह को कलायत हलका से विशेष लगाव है तथा वे इस क्षेत्र को किसी भी मामले में पिछडऩे नही देंगे। उन्होंने कहा कि संपूर्ण कलायत हलका में पौराणिक गांव है, जहां पर प्राचीन तीर्थ स्थल विद्यमान है। उन्होंने इन तीर्थ स्थलों के पुनरुत्थान की भी मांग की तथा इस क्षेत्र के लिए विशेष आर्थिक पैकेज, औद्योगिक हब स्थापित करने, कलायत व राजौंद में हुडा के सैक्टर विकसित करवाने की मांग की। 

भारतीय जनता पार्टी के नेता रणधीर गोलन ने अपने संबोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विकास की गति को बढ़ाया है। कन्या भ्रूण हत्या पर अंकुश लगाने एवं लिंगानुपात को संतुलित करने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री के सार्थक प्रयासों से ही 21 जून को विश्व के 177 देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जा रहा है, जिससे भारत को एक बार फिर से विश्व योग गुरू बनने में मदद मिलेगी।  

इस मौके पर उमेश शर्मा, संजीव दीक्षित, वीरेंद्र छौत, सतीश शर्मा, राजकुमार, अन्नु राणा, धर्मवीर, सुमन शर्मा, राजेश बिडान, राजु कलायत, संजीव राणा, डा. संदीप राणा, राकेश राणा, पूनम, जितेंद्र राणा, संदीप दीक्षित, महेंद्र शर्मा, शशिकांत कौशिक, अशोक गुर्जर, विनोद सिंगला तथा 13 नगर पार्षद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजकुमार अग्रवाल

Copyright @ 2019.