राष्ट्रीय (17/06/2015) 
गुड़गांव से रेवाड़ी वाया पटौदी राजमार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित

केन्द्रीय सड़क परिवहन, राष्ट्रीय राजमार्ग व जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने गुड़गांव से रेवाड़ी वाया पटौदी राजमार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया है। उन्होंने यह घोषणा आज नई दिल्ली में हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह के साथ हुई बैठक में की।

        बैठक के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि गुड़गांव में इफको चौंक, सिगनेचर टावर चौक और राजीव चौक पर ग्रेड सैपरेटर या अंडर पास का निर्माण किया जाएगा, जिसमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कुल खर्च का 75 प्रतिशत वहन किया जाएगा, जबकि इस निर्माण में 25 प्रतिशत खर्च हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-8 के खण्ड दिल्ली-गुड़गांव एक्सेस कन्ट्रोल्ड हाईवे पर ईपीसी माध्यम द्वारा गुड़गांव के हीरो होंडा चौक पर फ्लाई ओवर और अन्डरपास निर्माण परियोजना पर भी तेजी लाने पर जरूरी दिशानिर्देश भी दिए। राव नरबीर सिंह द्वारा की गई मांग की मंजूरी देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने घोषणा की कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जिला गुड़गांव में बादशाहपुर के पास की सड़क पर ढाई किलोमीटर लम्बा एलिबेटिड रोड का निर्माण करेगा। केन्द्रीय मंत्री ने मसानी और रेवाड़ी के बीच आठ किलोमीटर लम्बे रोड को भी चार लेन करने की घोषणा की।

        केन्द्रीय मंत्री ने हरियाणा में पड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-21ए को चार लेनिंग परियोजना को पूर्ण करने के लिए राज्य सरकार को प्राधिकृत किया है। इस परियोजना की कुल लम्बाई 38.78 किलोमीटर है, जिसमें से 21.43 किलोमीटर पिंजौर से बद्दी (हिमाचल प्रदेश) हरियाणा में आता है। बैठक में राव नरबीर सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग-148बी और राष्ट्रीय राजमार्ग-709 के भाग जिसमें रायमलिकपुर-नारनौल-महेन्द्रगढ़-भिवानी-खडक  को चार लेनिंग करने की मांग की कि इस कार्य को जल्द से जल्द शुरू किया जाए।

        बैठक में लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हरदीप कुमार और इंजीनियर इन चीफ राकेश मनोचा भी उपस्थित थे।

Copyright @ 2019.