राष्ट्रीय (15/06/2015) 
योग दिवस पर गरिमापूर्ण ढ़ंग से100 से अधिक स्थानों पर योग के कार्यक्रम होंगे आयोजित
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 21 जून, 2015 को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को पूरे राज्य में गरिमापूर्ण ढ़ंग से मनाया जाएगा तथा 100 से अधिक स्थानों पर योग के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हरियाणा सरकार ने सभी गांवों में दो एकड़ भूमि पर व्यायामशालाएं खोलने का निर्णय लिया है। पहले चरण में 1000 गांवों में व्यायामशालाएं खोली जाएंगी, जहां पर लोग योग, कुश्ती, कबड्डी व अन्य पारम्परिक खेल गतिविधियां कर सकेंगे। इनमें खेल प्रशिक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे। योग शारीरिक पुष्टता के साथ-साथ मन को शांति व एकाग्रता प्रदान करता है। 
मुख्यमंत्री आज हरियाणा आयुष एवं खेल विभाग द्वारा पंचकूला के सैक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर के क्रिकेट ग्राऊंड में योगऋषि स्वामी रामदेव के नेतृत्व में  आयोजित दो दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करने उपरांत बोल रहे थे। प्रशिक्षण में पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय के अनेक न्यायाधीश, हरियाणा मंत्रिमंडल के मंत्री, सांसद, विधायकों के अलावा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग हमारी प्राचीन पद्घति है जो जीवन के सभी पहलूओं में सामंजस्य स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों का रुझान पारम्परिक खेलों की तरफ आरम्भ से ही रहा है। स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की कुंजी है। एक स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया जिनके प्रयासों के फलस्वरूप योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है और 21 जून, 2015 को पूरे विश्व के देश इसे मनाने जा रहे हैं। उन्होंने स्वामी रामदेव का भी विशेष आभार जताया जिन्होंने पूरी दुनियां में योग क्रान्ति फैलाई है। उन्होंने कहा कि आज से हजारों वर्ष पूर्व हमारे ऋषि मुनि पूरे विश्व में योग का संदेश लेकर जाते थे और जिस कारण भारत को विश्व योग गुरु का दर्जा प्राप्त था। विश्व योग गुरु के उसी दर्जे को पुन: प्राप्त करवाने में प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी व स्वामी रामदेव का अहम योगदान है। हरियाणा सरकार ने भी योग व आर्युवेद को बढ़ावा देने के लिए स्वामी रामदेव को ब्रांड अम्बेसडर बनाया है। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन करनाल में किया जा रहा है जहां पर 21,000 लोग भाग लेंगे।
स्वामी रामदेव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए तैयार किए गए योग प्रोटोकोल के बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस विशेष समारोह के लिए आठ प्राणायाम सहित 21 योगासन क्रीडाएं शामिल की गई हैं। उन्होंने कहा कि 21 जून को पूरे देश के 650 जिलों में पतंजलि योग समिति के सदस्यों द्वारा योगासन करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योग को किसी धर्म से नहीं जोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में 177 देशों ने योग का समर्थन किया है जिसमें 47 मुस्लिम देश भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि न केवल देश के 125 करोड़ लोग बल्कि विश्व के 700 करोड़ लोग प्राणायाम की कपालभाती, अनुलोम-विलोम जैसी क्रीडाओं को जानते हैं। उन्होंने कहा कि योग एकाग्रता एवं दिव्य प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के चलते आज अनेक असाध्य रोग बढ़ रहे हैं। योग ऐसे रोगों को भी दूर करने में सहायक है। स्वामी रामदेव ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों की सराहना की जिनकी बदौलत आज के इस योग प्रशिक्षण में लोकतंत्र के चार स्तम्भ विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका व पत्रकारिता से जुड़ी विभूतियां भाग ले रही हैं।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि योग हमारी प्राचीन धरोहर है और बाबा रामदेव व प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे एक नई पहचान दिलाई है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भी योग प्रशिक्षण में पहुंचने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 21 जून, 2015 को 190 देशों में योग मनाया जा रहा है। उन्होंने योग ऋषि स्वामी रामदेव का भी विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने हरियाणा में आर्युवेद को बढ़ावा देने के लिए ब्रांड अम्बेसडर बनना स्वीकारा।
Copyright @ 2019.