राष्ट्रीय (13/06/2015) 
बाढ़ बचाव के लिए 8 प्रोजेक्ट मंजूर

कैथल - जिला में बाढ़ बचाव के लिए 8 प्रोजेक्ट मंजूर किए गए हैं, जिनका कार्य प्रगति पर है। इन सभी प्रोजेक्टस पर 6 करोड़ 85 लाख 30 हजार रुपए की धनराशि खर्च की जा रही है। जिन्हें 30 जून तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इनमें घग्गर नदी पर स्टड लगवाने तथा स्टोन पिचिंग के कार्य भी शामिल हैं। सरोला स्थित घग्गर नदी के साईफन से गाद निकालने का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा। इस साईफन की सफाई के बाद किसी प्रकार की रूकावट घग्गर नदी में बरसात के समय आने वाले पानी के रास्ते में नही रहेगी तथा यह क्षेत्र बाढ़ से पूरी तरह बचा रहेगा। 

उपायुक्त के.मकरंद पांडुरंग ने आज कैथल तथा गुहला में बाढ़ बचाव प्रबंधों का संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिला को किसी भी संभावित बाढ़ से बचाने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण की जा रही है। सर्व प्रथम उन्होंने स्थानीय सिंचाई विभाग के कार्यालय में स्टोर का निरीक्षण किया तथा वहां पर उपलब्ध इलैक्ट्रिक एवं डीजल पंपों के बारे में जानकारी हासिल की। सिंचाई विभाग द्वारा पूंडरी खंड के रसीना गांव के ओवर फ्लो तीन तालाबों का भी पानी पंपो के माध्यम से निकाला गया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी पंप सही हालत में हों। उन्होंने मानस ड्रेन तथा कैथल डे्रन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि 23 लाख 88 हजार रुपए की लागत से पानी निकालने के लिए 25 हॉर्स पॉवर की मोटर सहित इलैक्ट्रिक पंप खरीदने तथा 25 एवं 40 हार्स पॉवर के 10 पंप सैटों के लिए 14 लाख 54 हजार रुपए की राशि खर्च की गई है। 

उपायुक्त ने गुहला क्षेत्र में बाढ़ बचाव प्रबंधों का जायजा लेते हुए कहा कि गुहला में घग्गर नदी के साईफन से गाद निकालने तथा खुशहाल माजरा से सरोला मार्ग पर पक्का रोड बनाने के लिए 94 लाख रुपए की राशि खर्च की जा रही है। यह कार्य 30 जून तक पूर्ण कर लिया जाएगा। लालपुर, हेमूमाजरा, हंसुमाजरा, भाटिया एवं दाबनखेड़ी गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए घग्गर नदी के किनारे पर स्टोन पिचिंग के लिए एक करोड़ 9 लाख 51 हजार रुपए, बदसुई, कलरमाजरा, टटियाणा एवं चीका को बाढ़ से बचाने के लिए 2 करोड़ 66 लाख 29 हजार रुपए की लागत से घग्गर नदी के तटबंध को मजबूत करने के लिए स्टोन पिचिंग करने, कसौर, समदान, खरकां एवं उरलाना गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए स्टोन स्टड पर 76 लाख 37 हजार रुपए, भाटियां, श्यूमाजरा, दाबनखेड़ी एवं हेमू माजरा गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए स्टोन स्टड बनाने के कार्य पर 55 लाख 34 हजार रुपए तथा घग्गर नदी के अन्य कार्य पर 47 लाख 37 हजार रुपए की धनराशि खर्च की जा रही है। ये सभी कार्य 30 जून 2015 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। 

उपायुक्त ने गुहला विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ बचाव की सभी तैयारियां पूर्ण की जा रही है तथा सभी कार्य समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने गुहला में काटी गई नई कालोनी को रास्ता देने के बारे में पूछे गए सवाल के संदर्भ में कहा कि सरकार द्वारा यहां रहने वाले लोगों को रास्ता देने का आश्वासन दिया गया है। रास्ता देने बारे फैसला हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड द्वारा किया जाएगा। उन्होंने एंबुलैंस के संदर्भ में पूछे गए सवाल के बारे में कहा कि जिला में 16 एंबुलैंस वाहन उपलब्ध हैं, जिनमें से 4 वाहन कंडम हो चुके  है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द लोगों को और एंबुलैंस वाहन प्रदान करवाए जाएं। उन्होंने अस्पताल में डाक्टरों द्वारा रोगियों को रैफर करने के संदर्भ में पूछे गए प्रश्र के जवाब में कहा कि उन्होंने गुहला अस्पताल का निरीक्षण किया है तथा यहां पर तैनात डाक्टर काफी मेहनती हैं। पिछले माह निरीक्षण के उपरांत रैफर किए गए केसों में कमी दर्ज हुई है। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में प्रस्तावित सामुदायिक केंद्र के निर्माण के बारे में प्रश्र के जवाब में कहा कि सामुदायिक केंद्र के निर्माण के पश्चात इसका प्रबंधन नगर पालिका द्वारा किया जाएगा तथा इस केंद्र पर नगर पालिका का मालिकाना हक रहेगा। नगर पालिका द्वारा कम से कम दरों पर गरीब लोगों को सामुदायिक केंद्र विभिन्न कार्यक्रमों के लिए प्रदान किया जाएगा। 

पुलिस अधीक्षक कृष्ण मुरारी ने कहा कि गुहला क्षेत्र में चेन स्नेचिंग के तीन मामले गत दिनों हुए हैं। चेन स्नेचर्स की पहचान के लिए लगभग 150 पुलिस कर्मी घर-घर जाकर इनकी तहकीकात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुहला में पुलिस के पास पर्याप्त वाहन उपलब्ध हैं तथा पीसीआर वाहन सरकार से प्राप्त होने के बाद शीघ्र ही क्षेत्र को पीसीआर भी प्रदान कर दी जाएगी। उन्होंने मुख्यालय से पांच पीसीआर वाहनों की मांग की है। गत दिनों तीन पीसीआर वाहन कंडम होने के बाद निलाम कर दिए गए थे।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जीतेंद्र कुमार, एसडीएम कैथल आरके सिंह, गुहला एसडीएम बीर सिंह कालीरमण, जिला राजस्व अधिकारी दलेल सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता एसपी अग्रवाल, सिंचाई तथा लोक निर्माण आदि विभागों के कार्यकारी अभियंता अरविंद कौशिक, इकबाल सैनी, पीसी विरदी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

राजकुमार अग्रवाल

Copyright @ 2019.