राष्ट्रीय (12/06/2015) 
फोर्ब्स की सबसे अमीर खिलाड़ियों की सूची में धोनी

नई दिल्ली। विश्व की प्रतिष्ठित फोर्ब्स मैगजीन ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को विश्व के 100 सबसे महंगे ऐथलीट्स की लिस्ट में शामिल किया है।  इस लिस्ट में अमेरिकन बॉक्सर फ्लॉय्ड मेवेदर सबसे ऊपर हैं। इसके अलावा इस लिस्ट में गोल्फर टाइगर वुड्स, टेनिस स्टार रोजर फेडरर और फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को भी शामिल किया गया है।

धोनी को इस लिस्ट में 23वें पायदान पर रखा गया है। जबकि पीछे साल वो इसी लिस्ट में 22वें पायदान पर थे। धोनी की साल में कुल कमाई लगभग 198 करोड़ रुपए रही। जिनमें से उन्होंने अवॉर्ड और सैलरी से 25 करोड़ तो वहीं विज्ञापन से लगभग 173 करोड़ रुपए कमाए।

फोर्ब्स ने धोनी के बारे में कहा है, धोनी ने अपनी शानदार कप्तानी की बदौलत टीम इंडिया को 2015 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचाया। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए छठीं बार अपनी टीम चेन्नै सुपरकिंग्स को आईपीएल के फाइनल में जगह दिलाई।

धोनी की कुल कमाई में उन्हें जून 2014 से जून 2015 के बीच मिले वेतन, प्राइज मनी, बोनस और विज्ञापन से आय को शामिल किया गया है।

Copyright @ 2019.