राष्ट्रीय (12/06/2015) 
दिल्ली सरकार द्वारा जारी किया गया वित्त पर्याप्त नहीं - रविन्द्र गुप्ता
उत्तरी दिल्ली के महापौर रविन्द्र गुप्ता ने आज निगम की वित्तीय स्थिति के संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की। इस अवसर पर उनके साथ दक्षिणी दिल्ली के महापौर सुभाष आर्य व पूर्वी दिल्ली नगर निगम के नेता सदन रामनारायण दूबे मौजूद थे।
इस अवसर पर रविन्द्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा उत्तरी दिल्ली नगर निगम के लिए जारी की गई 326 करोड़ रूपये की राशि मई 2015 तक का वेतन देने के लिए भी पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने मांग की कि रामलीला मैदान में दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के द्वारा घोषित की गई पूरी राशि जल्द से जल्द जारी हो, ताकि नगर निगम की कार्यप्रणाली उचित तरीके से चल सके।
गुप्ता ने बताया कि निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को वेतन व पेंशन देने के लिए लगभग 600 करोड़ रूपये की आवश्यकता है। महापौर ने इन 600 करोड़ रूपये के साथ ही ग्लोबल शेयर के 1200 में से 300 करोड़ रूपये की मांग की, जो सफाई व्यवस्था के लिए दिए जाते है।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार को 100 करोड़ रूपये निगम को और दे ताकि दिल्ली के नागरिकों को निगम द्वारा मिलने वाली सारी सुविधाएं सुचारू रूप से मिल सके। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा अपने राजस्व बढ़ाने के लिए युद्वस्तर पर प्रयास किए जा रहे है ताकि आने वाले समय में भी निगम को वित्तीय संकट का सामना न करना पड़े।
महापौर, गुप्ता ने यह भी कहा कि केजरीवाल सफाई के मुद्दे पर राजनीति करनी छोड़कर यह स्पष्ट करे की उनके कार्यकर्ता केवल मात्र दिखावे के लिए एक बार झाड़ू सांकेतिक रूप में लगायेंगे या नियमित रूप से सफाई करेंगे।
Copyright @ 2019.