राष्ट्रीय (07/06/2015) 
कांग्रेस सुधारेगी बंगाल के हाल: राहुल

कोलकता । कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि जब तक कांग्रेस की सत्ता में वापसी नहीं होती, तबतक किसानों और श्रमिकों की हालत सुधरने वाली नहीं है। यहां वेलिंगटन जूट मिल परिसर में श्रमिकों को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि देश में जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां आम जनता,किसानों और श्रमिकों को कोई दिक्कत नहीं है, क्योंकि कांग्रेस उन सभी के हितों का पूरा ध्यान रखती है।

गांधी ने केन्द्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक की आलोचना करते हुए कहा कि किसानों से जबरदस्ती उनकी जमीन हथियाने से देश का भला होने की बजाए नुकसान ज्यादा होगा। पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की पूर्ववर्ती वाम मोर्चा सरकार ने विकास को पूरी तरह रोक दिया था। नयी आयी तृणमूल कांग्रेस सरकार ने लोगों के लिए हालात और विषम कर दिए हैं।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य में जूट श्रमिको की हालत सबसे ज्यादा खराब है क्योंकि हाल के वर्षों में राज्य में सबसे ज्यादा जूट मिलें ही बंद हुयी हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसानों की समस्याओं को संसद में उठाया है और अब जूट मिल श्रमिकों की समस्याओं को भी उठाएंगे। इस मौके पर मैाजूद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य का जूट उद्योग खत्म होने की कगार पर पहुंच चुका है।

Copyright @ 2019.