राष्ट्रीय (05/06/2015) 
कुरुक्षेत्र को दुनिया के नक्शे में चमकाने के प्रयास
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि दुनिया के नक्शे में कुरुक्षेत्र को चमकाने का सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री का कहना है कि कुरुक्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की नजर है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं विदेशों में यह संदेश दे रहे हैं कि जिसने कुरुक्षेत्र नहीं देखा, उसने कुछ नहीं देखा। इसलिए कुरुक्षेत्र को विकसित करना सरकार का एकमात्र लक्ष्य है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीरवार को देर सायं अनाजमंडी में थानेसर विधायक सुभाष सुधा द्वारा आयोजित थानेसर विकास रैली को सम्बोधित कर रहे थे। इस जनसभा से पहले मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की तरफ से राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल में करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुए मल्टी परपज़ हॉल व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सामने टूरिस्ट पुलिस हैल्प डेस्क का उदघाटन किया और केडीबी की वेबसाइट तथा मोबाइल एप्लीकेशन कुरुक्षेत्र दर्शन का विमोचन भी किया। 
        मुख्यमंत्री ने थानेसर विकास रैली में हल्का के विकास के लिए प्रदेश के खजाने का मुंह खोल दिया और विभिन्न परियोजनाओं के लिए करीब 200 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। मुख्यमंत्री ने थानेसर हल्का के  गांव के लिए 10 करोड़ और शहर के लिए 5 करोड़ रुपए, करीब 37 करोड़ रुपए के ब्रहमसरोवर व ज्योतिसर में चलता पानी प्रोजेक्ट, महिला राजकीय कालेज की मैपिंग के बाद कालेज को खोलने, पशु अस्पताल व 6 एकड़ में 8 करोड़ की लागत से पशु पोलिक्लिनिक, 17 कालोनियों में सीवरेज पानी व अन्य सुविधाओं के लिए 57 करोड़, एलएनजेपी अस्पताल के साथ 100 बैड की नई बिल्डिंग बनाने के लिए 17 करोड़, मैपिंग के बाद आवश्यकता अनुसार नर्सिंग कालेज खोलने, झांसा रोड रेलवे फाटक पर आरओबी बनाने के लिए 31 करोड़ रुपए, एलएनजेपी अस्पताल के सामने सब-वे बनाने, पिपली से लेकर ज्योतिसर तक रोड के सौंदर्यकरण व चौड़ा करने पर 31 करोड़ रुपए, थानेसर बस स्टैंड से भद्रकाली तक सडक़ सौंदर्यकरण के लिए 8 करोड़ रुपए, गीता द्वार के लिए 50 लाख, रेलवे रोड से छटी पातशाही तक रोड सौंदर्यकरण के लिए 2 करोड़ 40 लाख, लोक निर्माण विभाग की 5 नई सडक़ों के लिए 7 करोड़, ब्रहमसरोवर पर सरकारी रेट पर दाल-चावल मुहैया करवाने के साथ-साथ 4 गरीब विकलांग बच्चों को एक-एक लाख रुपए अनुदान राशि देने के साथ-साथ थानेसर हल्का विधायक सुभाष सुधा द्वारा रखी गई तमाम मांगों को पूरा करने की घोषणा की है। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में जहां जहां भी महिला राजकीय कालेज की जरुरत होगी, वहां वहां कालेज खोले जाएंगे। राज्य सरकार इसके लिए मैपिंग करवा रही है।
        मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र को प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी बताते हुए कहा कि इस पावन धरा से भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति की प्रेरणा दुनिया ले रही है। इस पावन धरा पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया। कुरुक्षेत्र की भूमि से सारी दुनिया को संस्कार और अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। सरकार ने इसी लक्ष्य को जहन में रखते हुए कुरुक्षेत्र उत्सव गीता जयंती समारोह पर प्रदेश के हर जिले में कार्यक्रमों का आयोजन करने का निर्णय लिया है। चुनावों से पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी पावन धरा पर लोगों को वचन दिया था कि वे स्वयं कुरुक्षेत्र का अम्बेस्डर बनकर इस पावन धरा को पर्यटन के रूप में अंतर्राष्ट्रीय रूप में विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों की सेवा करने का संकल्प लिया है। इसलिए प्रदेश को अढाई करोड़ जनता की चिंता है। सरकार गरीबों को मैनिफैस्टो में की गई घोषणाओं का लाभ देगी। सरकार उत्तरी हरियाणा में एक रुपया प्रति किलो मक्का और दक्षिण हरियाणा में एक रुपया प्रति किलो बाजरा व मोटा अनाज उपलब्ध करवाने व हर व्यक्ति को रहने के लिए मकान उपलब्ध करवाएगी। सरकार योजना बना रही है कि आगामी 5 सालों में हुडा, हाऊसिंग बोर्ड, जिला नगर परियोजना विभाग की तरफ से हर जरुरतमंद व्यक्ति को सस्ते दर पर मकान उपलब्ध करवाएं और गरीबों को 100-100 गज के मुफ्त प्लाट उपलब्ध करवाए जाएंगे। शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए सरकार शिक्षा प्रणाली में सुधार कर रही है। इसलिए खराब रिजल्ट आने पर शिक्षकों की छुट्टियां रद्द कर जून माह में बच्चों की कक्षाएं देने के आदेश दिए गए हैं। इतना ही नहीं, राज्य सरकार  बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने के लिए पाठ्यक्रम में गीता के श्लोकों को शामिल कर रही है। प्रदेश के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए 21 जिलों में 21 मेडीकल कालेज खोले जाएंगे ताकि हर वर्ष करीब 2 हजार डाक्टर प्रशिक्षणोपरांत सीएचसी और पीएचसी में जा कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करें। सरकार द्वारा हर गांव में 2 एकड़ में व्यायाम शाला खोलने जा रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस बात के लिए धन्यवाद  किया कि योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए 21 जून को पूरे देश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।     
        मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा लोगों को सुशासन देने व भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, सीएम विंडो के साथ-साथ 164 ई-सेवाओं को का घर बैठे फायदा दिया जाएगा। सरकार प्रदेश के स्टेट रेजिडेंट प्रणाली के तहत हर व्यक्ति का डाटा तैयार किया जाएगा और आधार कार्ड के जरिए हर सुविधा का फायदा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ-सबका विकास, हरियाणा एक हरियाणवी एक नीति के तहत काम कर रही है। सरकार पड़ोसी राज्यों से विकास के मामले में प्रतियोगिता करेगी ताकि हरियाणा देश का नम्बर वन राज्य बन सके। 
        रैली के संयोजक एवं थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और थानेसर हल्के की तमाम मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। उन्होंने कहा कि 1966 के बाद प्रदेश को पहले ईमानदार और मेहनती मुख्यमंत्री मनोहर लाल मिले हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश चहुंमुखी विकास करेग। इस जनसभा को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण बेदी व लाडवा विधायक डा. पवन सैनी ने भी सम्बोधित किया। इस रैली के मंच का संचालन भाजपा जिला महामंत्री रविंद्र सांगवान ने किया। इस मौके पर विधायक भगवान दास कबीरपंथी, विधायक दिनेश कौशिक, विधायक कुलवंत बाजीगर, मुख्यमंत्री के ओएसडी राजकुमार भारद्वाज, ओएसडी करनाल अमरेंद्र सिंह, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्म प्रकाश मनचंदा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र चौहान, युधिष्ठिर बहल, पूर्व विधायक बंता राम, पूर्व विधायक साहब सिंह, रामेश्वर चौहान, गुरदियाल सनेहड़ी, शकुंतला शर्मा, रणधीर गोलन, धर्मवीर मिर्जापुर, नपा की अध्यक्षा उमा सुधा, साहिल सुधा, रमेश सुधा, मुकुंद लाल, जीतेंद्र ढींगरा, सुखबीर कटारिया, रामधारी शर्मा, तरूण वडैच, उपायुक्त सीजी रजिनिकांतन, पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह के अलावा अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.