राष्ट्रीय (04/06/2015) 
कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल महापौर स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं निगमायुक्त से मिला
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के एक प्रतिनिधि मण्डल ने आज उत्तरी दिल्ली के महापौर, रविन्द्र गुप्ता, स्थायी समिति के अध्यक्ष, मोहन प्रसाद भारद्वाज एवं निगमायुक्त, प्रवीण गुप्ता से मुलाकात की और उन्होंने सभी कर्मचारियों को दो महीने से बकाया उनके वेतन देने की मांग की तथा भविष्य में सही समय पर वेतन दिया जाये।
उन्होंने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि जैसे ही दिल्ली सरकार द्वारा निगम के प्रति देय राशि का भुगतान किया जायेगा वैसे ही सभी कर्मचारियों को दो माह का बकाया वेतन देना हमारी प्राथमिकता रहेगी।
महापौर गुप्ता ने प्रतिनिधि मंडल को बताया कि निगम ने दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री, मनीष सिसोदिया एवं दिल्ली के उपराज्यपाल, नबीज जंग से अपने अधिकारों की मांग के अनुरूप राशि जारी करने के लिये प्रयास करने के उपरान्त कोई परिणाम न निकलने की स्थिति में विवश होकर मांग की कि दिल्ली सरकार पर लगभग 2000 करोड़ रूपये की राशि बकाया है जिसके कारण निगम कर्मचारियों का वेतन देने में असमर्थ है।
रविन्द्र गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार के दायित्वहीन एवं लापरवाह रवैये के कारण निगम के कर्मचारियों को कष्ट सहना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि हमने विधि विभाग एवं आयुक्त को निर्देश दे दिये हैं कि वे अपने हिस्से की राशि जो कि हमारा कानूनी अधिकार है, उसे पाने के लिये न्यायालय जाने की तैयारी करे।
उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का निदान एक सप्ताह के भीतर कर दिया जायेगा।
Copyright @ 2019.