राष्ट्रीय (01/06/2015) 
शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मनोहर लाल ने किया विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
कैथल । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में ढांचागत सुविधाओं तथा हाथ के हुनर की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगभग 8 करोड़ से तैयार विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं में लगभग 6 करोड़ रुपए से नवनिर्मित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा लगभग 2 करोड़ रुपए से नवनिर्मित लोक निर्माण विभाग का विश्राम गृह शामिल है। 
मनोहर लाल ने आज पूंडरी में विधायक दिनेश कौशिक द्वारा आयोजित विकास रैली की जनसभा से पूर्व दोनों विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री का महामाला से स्वागत किया गया। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में लडक़ों एवं लड़कियों के लिए अलग-अलग ब्लाक बनाए गए हैं। लड़कियों के लिए दो मंजिला ब्लाक तथा लडक़ों के लिए तीन मंजिला ब्लाक का निर्माण किया गया है। लड़कियों के ब्लाक का क्षेत्र 13 हजार 290 वर्ग फुट है, जबकि लडक़ों के ब्लाक का क्षेत्र 19 हजार 388 वर्ग फुट है। 
लड़कियों के ब्लॉक में सिलाई एवं कटाई कक्ष, एम्ब्रोएडरी कक्ष, निडल वर्क कक्ष, ड्राफ्टस मैन सिविल कक्ष, त्वचा एवं केश कक्ष, दो कक्षा कक्ष, मुख्य अध्यापिका का कार्यालय तथा महिला शौचालय बनाए गए हैं। प्रथम तल पर इलैक्ट्रोनिक्स, मैकेनिक कक्ष, अस्पताल हाउस किपिंग कक्ष, 3 कक्षा कक्ष, एक स्टोर तथा महिला शौचालयों का निर्माण किया गया है। लडक़ों के ब्लाक में तीन मंजिला भवन का निर्माण किया गया है। भूमितल पर दो वर्कशॉप तथा एक स्टोर कक्ष बनाया गया है। प्रथम तल पर दो वर्कशॉप, तीन कक्षा कक्ष, एक पुस्तकालय, जीआई एवं प्राचार्य कार्यालय का निर्माण किया गया है। दूसरे तल पर हिंदी स्टैनों के लिए एक वर्कशाप, कम्प्यूटर लैब, जीआई रूम तथा 5 अन्य कक्षा कक्ष बनाए गए हैं। कनेक्टिंग पैसेज का कुल क्षेत्र 10 हजार 968 वर्ग फुट को कवर किया गया है। मुख्यमंत्री ने आईटीआई परिसर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के साथ पौधा रोपण किया।  
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह को जनता को समर्पित किया। इस विश्राम गृह में दो मंजिला भवन तैयार किया गया है। विश्राम गृह के भूमितल पर एक बैड रूम, अटैच बाथरूम, लिविंग रूम फॉर वीआईपी, ड्राईंग व डायनिंग रूम, लॉंज, रसोई घर, पोर्च और पार्किंग स्थित हैं। भूमितल का कुल कवर क्षेत्र 5 हजार 69 वर्ग फुट है। प्रथम तल पर शौचालय युक्त पांच कक्ष बनाए गए हैं, जिसमें 3 बैड रूम कक्ष, भूतल पर अधीनस्थ कर्मचारियों के लिए तैयार किए गए हैं। प्रथम तल का कुल क्षेत्र 2650 वर्ग फुट है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला,  सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, कुरूक्षेत्र लोकसभा सांसद राजकुमार सैनी, स्थानीय विधायक प्रो. दिनेश कौशिक, गुहला विधायक कुलवंत बाजीगर, मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेंद्र सिंह, उपायुक्त के.मकरंद पांडुरंग, पुलिस अधीक्षक कृष्ण मुरारी, भाजपा के जिलाध्यक्ष राजपाल तंवर, वरिष्ठ नेता रणधीर गोलन, सुरेश गर्ग नौच, राव सुरेंद्र सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजकुमार अग्रवाल
Copyright @ 2019.