राष्ट्रीय (28/05/2015) 
हरियाणा में करीब तीन हजार कॉलोनियों में होगा फार्मूले के तहत काम

हरियाणा सरकार ने प्रदेश में करीब तीन हजार कॉलोनियों को चिन्हित किया है, जिन्हें नियमित करने के लिए एक फार्मूले के तहत काम किया जा रहा है। जिससे इनमें बिजली, सड़क, सीवर व पानी आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज यह महत्वपूर्ण जानकारी रेवाड़ी में आयोजित विकास रैली को संबोधित करते हुए दी। केंद्र की भाजपा सरकार की पहली वर्षगांठ व हरियाणा सरकार के छह माह का कार्यकाल पूरा होने पर रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र में यह रैली आयोजित की गई थी। हरियाणा के शिक्षा व परिवहन मंत्री रामबिलास शर्मा, लोक निर्माण, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री राव नरबीर सिंह तथा सहकारिता राज्य मंत्री बिक्रम सिंह यादव ने भी रैली को संबोधित किया। रैली के संयोजक एवं रेवाड़ी से विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों को सम्मान किया।

        मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रेलवे परियोजनाओं के त्वरित क्रियांवयन के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि रेल मंत्रालय व हरियाणा सरकार मिलकर राज्य में रेल से जुड़ी योजनाओं का निर्माण करेंगी। इससे पहले केवल रेल मंत्रालय ही इन योजनाओं के लिए काम करता था। जिससे रेलवे की परियोजनाएं वर्षों तक लंबित रहती है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए करोड़ों रुपए की राशि भी स्वीकृत की जा चुकी है। जिनमें रेलवे ओवरब्रिज व अंडरपास आदि कार्य किए जाएंगे। उन्होंने रेवाड़ी शहर की वर्षों पुरानी मांग डबल फाटक पर 20 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले अंडर पास की मांग को भी पूरा करने के लिए मंजूरी प्रदान कर दी। साथ ही कोसली में रेलवे स्टेशन पर अंडर पास बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने विकास रैली में रेवाड़ी के विकास के लिए अनेक घोषणाएं की। जिनमें रेवाड़ी के लिए राजकीय महाविद्यालय बनाने, रेवाड़ी शहर में गंदे पानी की निकासी के लिए आठ करोड़ रुपए, रेवाड़ी विधानसभा में नगर परिषद व पालिका के लिए 10 करोड़ रुपए, एचआरडीएफ के तहत ग्रामीण विकास के लिए 10 करोड़ रुपए, ठोस कचरा प्रबंधन के लिए सिंचाई विभाग की करीब 11 एकड़ भूमि को हस्तांतरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का तथा इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के तहत रेवाड़ी क्षेत्र के कॉलेज जोड़ने की प्रक्रिया आरंभ कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही कोसली विधानसभा क्षेत्र में एचआरडीएफ के तहत पांच करोड़ रुपए, परिवहन विभाग का सब डिपो तथा कोसली के अधूरे बाइपास को पूरा करने की मंजूरी देते हुए घोषणाएं की। रेवाड़ी को पुण्य भूमि बताते हुए मुख्यमंत्री ने आधा एकड़ भूमि देने वाले गांवों में ग्राम सचिवालय बनाने तथा दो एकड़ भूमि देने वाले रेवाड़ी जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में दस-दस व्यायामशाला खोलने की भी बात कही।

        अनाज मण्डी में प्रगति रैली के दौरान उमड़े जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्ण आत्मविश्वास से मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार को एक साल तथा हरियाणा में भाजपा की सरकार को सात माह का कार्यकाल हो चुका है और इस दौरान हमारी यह प्रमुख उपलब्धियां रही हैं कि हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल तक हमारी यह जिम्मेवारी है कि सरकार में ऊपरी पायदान पर बैठा कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है तो हम तुरंत कार्रवाई करेंगे। आज कोई नेता या अधिकारी भ्रष्टाचार नहीं करता। तहसीलों में ई-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आरंभ करने के बाद हमने अपने उस वायदे को पूरा किया जो भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन चलाने का हमने किया था। उन्होंने जातिगत व इलाकावाद का भेदभाव समाप्त करने की बात कहते हुए कहा कि हरियाणा एक-हरियाणवी एक सोच पर आगे बढ़ते हुए हम हरियाणा के विकास के प्रति वचनबद्ध हैं। उन्होंने रक्षाबंधन के दिन हरियाणा के हर जिला मुख्यालय से महिला पुलिस थाना आरंभ करने की योजना शुरू करने के साथ-साथ 500 महिला कांस्टेबल भर्ती करने की घोषणा भी की।

        विकास रैली में शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने अपने सात माह के कार्यकाल में विकास की नई तस्वीर सामने रखी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गौ संरक्षण व गौ संवर्धन कानून बनाने के साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का काम किया है। वहीं लोकनिर्माण मंत्री मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सकरार की ओर से प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है और क्षेत्र में जल समस्या के स्थाई समाधान के लिए योजनाओं को मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी की पुरानी मांग का समाधान मौजूदा सरकार की प्राथमिकता है।

विकास रैली में सहकारिता राज्य मंत्री बिक्रम सिंह यादव ने कहा कि आज रेवाड़ी जिले में मुख्यमँत्री के आगमन ने विकास की नई दिशा देने का काम किया है। करोड़ों रूपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देकर मुख्यमंत्री ने पिछड़े क्षेत्र को विकास में सहभागी बनाया है। रैली के संयोजक एवं रेवाड़ी के विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने मुख्यमंत्री के समक्ष हलके के साथ-साथ जिले की विभिन्न मांग रखते हुए उनका अभिनंदन किया।

इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश ग्रोवर, पाटौदी से विधायक बिमला चौधरी, मुख्यमंत्री के ओएसडी (मीडिया) राजकुमार भारद्वाज, उपायुक्त डा.यश गर्ग, आईजी ममता सिंह, एसपी मनबीर सिंह, पूर्व मंत्री डा. एमएल रंगा, प्रदेश प्रवक्ता वीर कुमार यादव ,जिला प्रमुख सुरेश देवी, जिला अध्यक्ष सतीश खोला, डा.अरविंद यादव, लक्ष्मण यादव, शिवरतन, सरोज देवी, जी.एल.शर्मा, योगेंद्र पालिवाल, डा.हरीश यादव, रतनेश बंसल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright @ 2019.