राष्ट्रीय (28/05/2015) 
पूर्वी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में कानूनी जागरूकता अभियान का आयोजन

पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा पहली बार कानूनी जागरूकता अभियान का आयोजन दिल्ली लीगल सर्विस अथॅारिर्टी द्वारा किया गया। पूर्वी दिल्ली के महापौर, हर्षदीप मल्होत्रा के सहयोग व पहल से पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय उद्योग सदन, पटपड़गंज में आयोजित हुए इस अभियान में आम नागरिकों से जुड़े कानूनी मुद्दों और उनके अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त 2, सी.ए. धान, विपक्ष की नेता वरयाम कौर एवं पूर्वी दिल्ली नगर निगम के पार्षदगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे। इस अवसर पर दिल्ली लीगल सर्विस अथॅारिर्टी के विजय झा, धर्मेन्द्र राणा, पुरूषोत्तम पाठक उपस्थित थे।

हर्षदीप मल्होत्रा ने बताया कि इस कानूनी जागरूकता अभियान से जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को जनता के लिए बनाए गए महत्तवपूर्ण कानूनों व अधिकारों को बेहतर रूप से समझने का मौका मिलेगा ताकि वे अपनी क्षेत्र के आम नागरिकों की सहायता कर पाएं। उन्होंने आगे बताया कि इस अभियान के द्वारा न सिर्फ लोगों को कानूनी सहायता दी जाएगी बल्कि उन्हें कानून और उसके वैधानिक रवैये को समझने में सहायता मिलेगी।

महापौर ने कहा कि कानून आम जनता की रक्षा हेतु ही बनाए गए है इसलिए हर नागरिक को अपनी अधिकारों विशेषकर कानूनी अधिकारों के संबंध में जानकारी होनी ही चाहिए।

पूर्वी दिल्ली के नेता सदन, राम नारायण दूबे ने इस अवसर पर कहा कि जागरूकता अभियान के जरिए नागरिकों को अपने वैधानिक अधिकारों की जानकारी पार्षदों के माध्यम से प्रसारित करने का यह प्रयास है जिसका लाभ नागरिकों तक पहुंच पाएगा।

Copyright @ 2019.