राष्ट्रीय (22/05/2015) 
स्थायी समिति की अध्यक्ष बनी लता गुप्ता
पूर्वी दिल्ली नगर निगम में  शुक्रवार को स्थायी समिति के महत्वपूर्ण अध्यक्ष पद पर भा0ज0पा0 की लता गुप्ता व उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर भाजपा की दीप्ति जोशी निर्विरोध निर्वाचित हुई।
लता गुप्ता ने इससे पहले निर्माण समिति के अध्यक्ष के रूप में तथा उससे पूर्व स्थायी समिति के सदस्य के रूप में सदा रचनात्मक तथा प्रभावशाली भूमिका अदा की है।
इसी प्रकार दीप्ति जोशी गत वर्ष महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष एवं उच्चाधिकार प्राप्त संपत्ति कर समिति की उपाध्यक्ष रह चुकी है।
लता गुप्ता ने कहा दिल्ली नगर निगम के विभाजन के उपरान्त पूर्वी दिल्ली नगर निगम को दिल्ली सरकार से 335 करोड़ रूपये जो अनुदान के रूप में मिलने थे, पूर्वी निगम को कर्ज के रूप में मिले। उन्होंने कहा कि हमें विकलांग, विधवा, एवं वृद्धों को पेंशन राशि जल्द वितरित करने के लिए प्रयास करेंगें। उन्होंने कहा कि हमें अच्छा निगम बनाने के लिए कार्य करना है, तीन वर्षों से लम्बित योजनायें आगे बढ़ानी हैं। उन्होंने कहा कि हमें दलगत राजनीति से उपर उठकर अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ते हुए निगम को सुदृढ़ करना होगा ताकि नागरिकों को सुशासन दे सकें ।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद हेतु चुनाव में भाजपा की अनीता शर्मा तथा धर्मेन्द्र भी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
Copyright @ 2019.