राष्ट्रीय (22/05/2015) 
अध्यापकों के रोजगार के प्रति सरकार चिंतित- मुख्यमन्त्री हरियाणा

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार अतिथि अध्यापकों के रोजगार के प्रति चिंतित है तथा भविष्य में सीधी भर्ती के लिए मांगे जाने वाले आवेदनों में उन्हें अधिकतम आयु सीमा सहित अन्य मानदण्डों में भी छूट प्रदान करने पर विचार किया जाएगा। न्यायालय के आदेशों की अनुपालना में अतिथि अध्यापकों को भी सरकार का सहयोग करना चाहिए।

मुख्यमन्त्री हरियाणा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार व हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार समारोह के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमन्त्री ने कहा कि सरकार अतिथि अध्यापकों के रोजगार व उनके परिवारों की सहायता के लिए कोई न कोई रास्ता निकाल लेगी। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमन्त्री ने कहा कि युवाआें का रूझान विज्ञान की ओर बढे। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक हो सकते है। कानून एवं व्यवस्था पर पूछे जाने पर मुख्यमन्त्री ने कहा कि प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति नियन्त्रण में है तथा हरियाणा पुलिस दोषियों को तत्परता से गिरफ्तार करने में लगी है।

भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के सम्बन्ध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमन्त्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी न केवल देश की, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। पार्टी के 10 करोड़ से अधिक सदस्य है। हरियाणा में पिछले लगभग 3 माह के दौरान सदस्यों की संख्या 34 लाख हो गई है। आने वाले समय में पार्टी के सदस्यों के साथ महासम्पर्क अभियान चलाकर उनका मान-सम्मान बढाया जाएगा।

Copyright @ 2019.