राष्ट्रीय (19/05/2015) 
अनुबंधित अध्यापकों की समस्याओं का जल्द किया जाएगा समाधान
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अनुबंधित शिक्षकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को उत्तरी दिल्ली के महापौर रविन्द्र गुप्ता से मुलाकात की। इस मुलाकात में प्रतिनिधि मंडल द्वारा अनुबंधित शिक्षकों के दो महीनों के बकाया वेतन की मांग की गई, जिससे कर्मचारियों को वित्तीय संकट का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने 14 वर्ष से अधिक समय तक उत्तरी दिल्ली नगर निगम में अनुबंध के आधार पर कार्य कर रहे शिक्षकों को नियमित करने की भी मांग की।
महापौर, गुप्ता ने प्रतिनिधि मंडल के माध्यम से सभी अनुबंधित अध्यापकों को आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार से जैसे ही वित्त की प्राप्ति उत्तरी दिल्ली नगर निगम को होगी वैसे ही तत्काल प्रभाव से उनके वेतन जारी करने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही गुप्ता ने उन्हें बताया कि दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया को भी निगम की वर्तमान स्थितियों के संबंध में भेंट करके जानकारी दी गई है लेकिन अब तक इस संबंध में दिल्ली सरकार का कोई ठोस जवाब नहीं आया है। इसके उपरांत उन्होंने उपराज्यपाल महोदय से भी इस विषय में हस्तक्षेप की मांग की और उपराज्यपाल महोदय ने उनका पत्र मुख्य सचिव को उचित कार्यवाही एवं रिपोर्ट के लिए दिल्ली के मुख्य सचिव को भेजा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की इस गैर जिम्मेदाराना व्यवहार का खामियाजा निगम कर्मियों को उठाना पड़ रहा है चाहे वे सफाईकर्मी हो, डाक्टर हों या किसी अन्य विभाग के कर्मी, जो उचित नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अनुबंधित शिक्षकों को नियमित करने संबंधी प्रस्ताव दिल्ली सरकार को भेजा जा चुका है। जिस पर अंतिम निर्णय दिल्ली सरकार को लेना है। इसके अतिरिक्त अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्यवाही हेतु उन्होंने निगमायुक्त को निर्देश दिये।
Copyright @ 2019.