राष्ट्रीय (19/05/2015) 
भाजपा उपाध्यक्ष राजीव जैन ने मुनीष की मौत पर घर जाकर शोक प्रकट किया
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष राजीव जैन ने आज कैथल के आढ़ती मुनीष की मौत पर उनके घर जाकर शोक प्रकट किया तथा शोक संतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुनीष (25) को वीरता पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकार की तरफ से 3 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी इसके अतिरिक्त एक एक लाख रूपये की सहायता राशि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कविता जैन तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी द्वारा दी जायेगी।
उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर पार्टी और सरकार पूरी तरह से शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि नौजवान मुनीष के परिवार के लिए इससे बड़ा दु:ख नही हो सकता। भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी। राजीव जैन ने कहा कि वे खुद आज पीजीआई चंडीगढ़ में आढ़ती लक्ष्मी नारायण का हालचाल पूछने गए थे। लक्ष्मी नारायण होश में है और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा हैं। 
 जैन कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की तरफ से कड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर एक अहम बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री खुद इस घटना की पल-पल की खबर ले रहे हैं तथा उन्होंने खुद भी आज सुबह परिवार के लोगों से फोन पर बात करके अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि दोषी को पकडऩे के लिए उच्च स्तर पर अधिकारियों की टीम गठित की गई है। शीघ्र ही दोषी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जैन ने नई अनाज मंडी में घटना स्थल का भी दौरा किया तथा इस घटना के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।  
Copyright @ 2019.