राष्ट्रीय (19/05/2015) 
मंगोलपुरी में पुनः निर्मित सामुदायिक भवन का रविन्द्र गुप्ता ने किया उद्घाटन
उत्तरी दिल्ली के महापौर, रविन्द्र गुप्ता ने आज रोहिणी क्षेत्र के पी-ब्लाॅक, मंगोलपुरी, वार्ड नं0 48 में पुनःनिर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रोहिणी क्षेत्र के उपायुक्त, एस.एस. गिल सहित बड़ी संख्या में अधिकारीगण एवं कार्यकत्र्ता भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय पार्षद, पूनम ने की।
रविन्द्र गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम अपने अधिकार क्षेत्र में नागरिकों को उत्कृष्ट एवं मूलभूत सुविधायें उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं जनता के प्रति लगाव को सराहा। उन्होंने कहा कि इस सामुदायिक भवन के बन जाने से स्थानीय जनता को बहुत लाभ मिलेगा। इसी के साथ उन्होंने उत्तरी दिल्ली नगर निगम को यह सामुदायिक भवन जनता को समर्पित करने के लिए बधाई दी। सामुदायिक भवन में कुदरती रोशनी व हवा के लिए लगाये गये रोशनदान एवं खिड़कियों की तारीफ करते हुए गुप्ता ने कहा कि गर्मियों में बिजली न होने की दशा में भी जनता को दिन में किसी भी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
गुप्ता ने बताया कि निगम जनता की सेवाओं के लिए है और जनता की रोजमर्रा की शिकायतों के लिए काम करता है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य दलगत राजनीति से ऊपर उठकर दिल्ली को संवारना एवं उसे स्वच्छ एवं सुन्दर बनाना है। इसके लिए महापौर हेल्पलाईन नं0 की शुरूआत भी की गई है जिस पर नागरिक भ्रष्टाचार एवं सफाई से सम्बन्धित शिकायतें भेज सकते हैं और इन शिकायतों का 24 घण्टों के भीतर निवारण करने का प्रयास किया जाता है। अगर कोई अधिकारी शिकायत के प्रति लापरवाही दिखाता है तो सम्बन्धित अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।
स्थानीय पार्षद, पूनम ने बताया कि यह भूकम्परोधी  सामुदायिक भवन 1140.00 वर्ग मी0 क्षेत्र में निर्मित किया गया है जिसे बनाने में 149.37 लाख रूपये की लागत आई है। उन्होंने बताया कि इस सामुदायिक भवन के मेजनाईन तल पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक कमरा, एक स्टोर एवं महिलाओं व पुरूषों के लिए एक-एक प्रसाधन ब्लाॅक है। भूतल पर दो कमरे, एक हाल और महिलाओं व पुरूषों के लिए एक-एक प्रसाधन ब्लाॅक की सुविधा है। इस सामुदायिक भवन के प्रथम तल पर महिलाओं एवं पुरूषों के लिए व्यायामशाला एवं दो टाॅयलेट ब्लाॅक भी हैं। उन्होंने कहा कि इस सामुदायिक भवन को पूरी तरह से नागरिकों हेतु पूर्ण सुविधाओं को ध्यान में रखकर ही बनाया गया है।
Copyright @ 2019.