राष्ट्रीय (17/05/2015) 
मच्छर व जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए हों सभी उपाय- पंकज कुमार सिंह
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने मच्छर व जल जनित रोगों के बचाव व रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय हेतु बैठक ली। बैठक में निगम स्वास्थ्य अधिकारी, एस.के. बंसल, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त निगम स्वास्थ्य अधिकारी, एस.सी. अरूण, पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त निगम स्वास्थ्य अधिकारी, एन आर. दास, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली पुलिस, दिल्ली विकास प्राधिकरण, लोकनिर्माण विभाग, दिल्ली मेट्ो रेल निगम, दिल्ली परिवहन निगम के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे। बैठक के दौरान ए.के बंसल ने मानसून के आगमन पर होने वाले मच्छरजनित और जल जनित रोगों के बचाव कार्यों से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के रोकथाम के लिए निगम के सभी विभागों के कार्यों का विभाजन किया। 
बैठक के दौरान अतिरिक्त आयुक्त, पंकज कुमार सिंह ने पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं विभाग को जल्द से जल्द ठोस अवशिष्ट पदार्थों के निपटान करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि मानसून के पूर्व पानी को इकट्टा करने वाले सारे स्थानों की सफाई का निर्देश दिया। विशेषकर प्लास्टिक इत्यादि जैसे पदार्थ जिन में जल भराव होकर मच्छर उत्पत्ति के लिए स्थान उपलब्ध हो जाता है।
उन्होंने अभियांत्रिकी विभाग को सरकारी विभागों के भवन के ऊपर बनी टंकियों को साफ व ढ़क के रखने के लिए कहा ताकि पानी का जमाव न हो सके। इसके अतिरिक्त जो भी व्यर्थ सामान कहीं छतों पर जमा है उसे भी हटाने के लिए कहा। उन्होंने अभियांत्रिकी विभाग को यह भी कहा कि निर्माणाधीन भवनों में जल का जमाव न हो इसके लिए क्षेत्रों की सघन जांच की जाए।
इसके साथ ही अस्पतालों में आपातकालीन अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था करने के आदेश दिए। इसके साथ ही नोडल अधिकारियों को उन क्षेत्रों का सघन निरीक्षण व दौरा करने के आदेश दिए जहां डेंगू व मलेरिया के मरीजों की संख्या अधिक होती है।
ए.के. बंसल ने उद्यान विभाग को कहा कि जितने भी स्थानों पर कृत्रिम फव्वारे, कुंड आदि बने हुए है उनके पानी को समय-समय पर बदला जाए। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में बच्चों को डेंगू व मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए कहा।
उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को आदेश दिया कि 15 दिनों में संबंधित विभागों की समन्वय समितियों की बैठक हो और वार्ड स्तर पर स्वास्थ एवं सफाई समितियों की बैठकों का भी आयोजन किया जाए, ताकि डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों से शहरवासियों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके।
ए.के. बंसल ने नागरिकों से अपील की कि फूलदानों, कूलरों में पानी जमा न होने दें और जहां भी पानी का स्टोरेज नागरिकों द्वारा रखा जाता है उसे ढक कर रखा जाए।
मलेरिया निरीक्षक, योगेन्द्र राय ने इस अवसर पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपरोक्त सभी संवेदनशील स्थानों एवं उपायों की जानकारी दी।
Copyright @ 2019.