राष्ट्रीय (17/05/2015) 
सरकार को नंबर देने के चक्कर में हम नहीं पड़ते: रामदेव
कहा; मोदी ने विश्व पटल पर बढ़ाया भारत का गौरव
मोदी ने देश में बनाया साकारात्मक माहौल
भूमि अधिग्रहण विधेयक के संसोधन को बताया जरूरी
अधिग्रहण का विरोध कर देश के विकास में रोड़ा बना विपक्ष 
योग व आध्यात्मिक शिक्षा को स्कूलों में करेंगे अनिवार्य
भगवाकरण के आरोप की जहमत नहीं उठा सकेगा विपक्ष
काले धन मामले में मौन साध गए बाबा
रेवाड़ी। हरियाणा के ब्रांड एंबेसडर एवं योगगुरू बाबा रामदेव ने मोदी सरकार को नंबर देते हुए कहा कि वे नंबरों के चक्कर में नहीं पड़ते। हां इतना जरूर है कि मोदी ने विश्व पटल पर भारत के गौरव को बढ़ाया है। पहले जहां विश्व के कई देश भारत को अच्छी दृष्टि से नहीं देखते थे अब ऐसा नहीं है। अब देश के ही नहीं विदेशों में जो भारतीय भी अपने आपको गौरवान्वित महसूस करते हैं। उन्होंने देश की समस्याओं के संदर्भ में कहा कि एक वर्ष में सभी समस्याओं के हल को लेकर एक साकारात्मक माहौल बना है। वे आज रेवाड़ी जिले के गांव घासेड़ा स्थित गुरूकुल में एक पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
जब उनसे एक वर्ष में काले धन की प्रगति पर सवाल पूछा गया तो वे मौन साध गए और उन्होंने मात्र इतना ही कहा साकारात्मक माहौल बना है। भूमि अधिग्रहण विधेयक संसोधन पर उन्होंने कहा कि ऐसा करना सरकार के लिए आवश्यक था। विदेशी निवेशक निवेश करते वक्त खुला माहौल चाहते हैं, लेकिन इसमें विपक्ष रोड़े अटका रहा है। सरकार की नीयत में कोई खोट नहीं है। विपक्ष उद्योगपतियों व किसानों में भय का वातावरण पैदा कर रहा है।
स्कूलों में योग शिक्षा अनिवार्य करने पर उन्होंने कहा कि योग व आध्यात्मिक शिक्षा को स्कूलों में अनिवार्य करना बेहद जरूरी है। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व मुख्यमंत्री मनेाहरलाल खट्टर सही दिशा में प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष द्वारा शिक्षा में भगवाकरण करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रदेश में शिक्षा में भगवाकरण के आरोप की जहमत नहीं उठा सकता, क्योंकि प्रदेश में अल्पसंख्यक वोट नहीं है। यही नहीं गीता पढ़ाना अपने आपमें धर्मनिर्पेक्ष है। भगवान कृष्ण ने गीता में जो ज्ञान दिया वह एक समुदाय विशेष के लिए न होकर पूरे विश्व के लिए है।
Copyright @ 2019.