राष्ट्रीय (16/05/2015) 
देश में होगी नई पर्यटन नीति लागू- महेश शर्मा केंद्रीय पर्यटन मंत्री
    केंद्रीय पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार देश को पर्यटकों के लिए और ज्यादा अनुकूल बनाने जा रही है और इसके लिए जल्द ही नई पर्यटन नीति लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन से देश को पैसा ही नहीं मिलता बल्कि  स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलता है।
महेश शर्मा शनिवार को सोनीपत में दंडी स्वामी अच्युत्यानंद तीर्थ महाराज पीठाधीश्वर भूमा निकेतन आश्रम हरिद्वार द्वारा शुरू की गई कुश्ती अकादमी के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
    उन्होंने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद पिछले  एक वर्ष में पर्यटन से देश को एक करोड़ 20 लाख रुपए की विदेशी मुद्रा मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य देश के पर्यटन स्थलों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके लिए हम राज्य सरकारों के साथ मिलकर भी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में पर्यटन का विकास करने से देश की सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षण मिलेगा।
    केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा कि विदेशी पर्यटक जब भारत में आएंगे तो यहां की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे। इससे विदेशों में भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन से केवल देश को राजस्व ही नहीं मिलता बल्कि पर्यटन स्थल के आस-पास के क्षेत्रों का विकास भी होता है। लोगों को रोजगार मिलता है और आय के साधन बढ़ते हैं। 
    सोनीपत में पर्यटन की संभावनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि यहां इस संबंध में स्थानीय सांसद द्वारा कई बार सिफारिश की गई है। उनके द्वारा दिए गए सुझावों पर सरकार अमल करेगी और जितना भी संभव होगा विकास करवाया जाएगा। 
सफियाबाद गांव में दंडी स्वामी अच्युत्यानंद तीर्थ महाराज द्वारा खेल अकादमी शुरू करने पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को खेल में आगे बढऩे का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद सरकार खेल व खिलाडिय़ों के विकास पर लगातार कार्य कर रही है। 
    इस अवसर पर पीठाधीश्वर भूमा निकेतन आश्रम हरिद्वार दंडी स्वामी अच्युत्यानंद तीर्थ जी महाराज ने कहा कि सफियाबाद गांव में ऋषियों का लगातार आशीर्वाद रहा है। हमने यहां के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए यहां 40 खिलाडिय़ों की क्षमता की नर्सरी शुरू की है। यहां खिलाडिय़ों को रिहायस, खाना और मैडिकल की सभी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि यहां विद्यार्थियों के लिए एक गौशाला भी शुरू की जाएगी। 
Copyright @ 2019.